गोहाना की फिलिपकार्ट कम्पनी से नौकरी से निकाले गए कर्मचारी ने रची लूट की साजिश मुख्य आरोपी और साजिशकर्ता गिरफ्तार, 6.23 लाख रुपए बरामद, एक आरोपी अभी फरार
गोहाना :-14 नवम्बर : 20.96 लाख रुपए की लूट की हुई वारदात की साजिश को नौकरी से निकाले गए एक कर्मचारी ने ही रचा था। मंगलवार को यह खुलासा गोहाना पुलिस जिला की डी. सी. पी. भारती डबास ने किया। उनके अनुसार पुलिस ने साजिशकर्ता और मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उनका तीसरा साथी अभी फरार है। पुलिस ने लूट की रकम में से 6.23 लाख रुपए बरामद कर लिए हैं।
डी. सी. पी. भारती डबास अपने कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रही थीं। नई सब्जी मंडी के निकट स्थित फ्लिपकार्ट के कार्यालय में 16 अक्तूबर की तड़के लूट की वारदात हुई थी। इस वारदात में बाइक पर आए दो बदमाशों ने कार्यालय से पिस्तौल और कुल्हाड़ी की नोक पर 20 लाख 96 हजार 267 रुपए लूट लिए थे। ब्लाइंड लूट के इस मामले में कम्पनी के सुपरवाइजर अमित कुमार के बयान पर केस दर्ज किया था।
डी.सी.पी. भारती डबास के अनुसार पुलिस ने इस मामले में पहली गिरफ्तारी गढ़ी उजाले खाँ गांव के अनिल उर्फ टाइगर की हुई । अनिल उर्फ टाइगर ने राज खोला कि लूट की यह वारदात उसी के गांव की नई बस्ती के ललित उर्फ काल ने रची। ललित उर्फ कालू पहले कम्पनी में नियुक्त था । उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। अनिल उर्फ टाइगर ने लूट की वारदात को नई बस्ती के ही संदीप पुत्र सत्यवान के साथ मिल कर अंजाम दिया था।
भारती डबास का दावा है कि पुलिस ने अनिल उर्फ टाइगर और ललित उर्फ कालू को 8 नवंबर को गिरफ्तार कर लिया था दोनों को 9 नवंबर को अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने ललित उर्फ कालू को न्यायिक हिरासत में जेल में भेज दिया था। अदालत ने अनिल उर्फ टाइगर का 5 दिन का पुलिस रिमांड मंजूर किया था। मंगलवार को यह रिमांड पूरा होने पर उसे भी जेल में भेज दिया गया।
डी.सी.पी. भारती डबास का कहना है कि मुख्य आरोपी अनिल उर्फ टाइगर से लूट की रकम में से 6 लाख 23 हजार 500 रुपए के साथ लूट में प्रयुक्त की गई के.यू.वी. महिंद्रा गाड़ी, पिस्टलनुमा लाइटर पिस्तौल और कुल्हाड़ी को बरामद कर लिया गया है। आरोपी पर पहले भी दो आपराधिक मामले अन्य जिलों में दर्ज हैं।



