गोहाना के देवीनगर में युवक की ट्रैक्टर से कुचल कर हत्या
गोहाना :-14 नवम्बर : शहर में जींद-बरोदा रोड बाईपास पर जय मां बनभौरी मंदिर के निकट एक मजदूर की ट्रैक्टर से कुचल केर हत्या कर दी गई। वह मजदूर खाना खाने के बाद दो दोस्तों के साथ घूमने के लिए गया था। उसके दोस्तों ने दीवार कूद कर जान बचाई।
यह हत्या करने का आरोप बरोदा गांव के एक युवक पर है। आरोप यह भी है कि आरोपी ने एक बार ट्रैक्टर चढ़ाने के बाद ट्रैक्टर को बैक कर दोबारा से मृतक को रौंदा। उसकी गिरफ्तारी की मांग को ले कर बाईपास पर जाम भी लगा दिया गया। आरोपी अपना ट्रैक्टर मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने आरोपी पर केस दर्ज कर लिया।
मृतक सन्नी 25 साल का था। वह देवीनगर में रहता था। वह एक टाइल के शोरूम पर मजदरी करता था। उसके छोटे भाई रोहित के अनुसार सन्नी खाना खाने के बाद अपने दो दोस्त-रवि और लाला के साथ घूमने के लिए बाईपास पर गया था। जब वे तीनों जय मां बनभौरी मंदिर के निकट सैर कर रहे थे, तभी वहां ट्रैक्टर पर बरोदा गांव का संदीप आया। संदीप उन तीनों से गाली-गलौज करने लगा। इस पर तीनों दोस्त वहां से चुपचाप चल दिए।
रोहित का कहना है कि कुछ ही देर में दूसरी गली से संदीप ट्रैक्टर को तेजी से चलाते हुए वापस आया। वह ट्रैक्टर से एक खाली प्लॉट की चारदीवारी को तोड़ कर दोबारा आया। रवि और लाला ने तेजी से मौके से हट कर जान बचा ली। लेकिन संदीप ने ट्रैक्टर सन्नी पर चढ़ा दिया। संदीप को इतने भर में सब्र नहीं हुआ। उसने ट्रैक्टर को बैक किया और दोबारा से सन्नी को बरी तरह से रौंद डाला। उसके बाद संदीप अपने ट्रैक्टर को मौके पर छोड़ कर वहां से फरार हो गया।
सन्नी की हत्या से उसके परिजन भड़क उठे। उन्होंने हत्या स्थल के सामने से गुजर रहे बाईपास पर जाम लगा दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस पहुंची। समझा-बुझा कर जाम खुलवा दिया गया। परिजनों का कहना है कि आरोपी की मृतक या उसके दोस्तों से कोई पुरानी रंजिश या दुश्मनी नहीं थी। मृतक सन्नी अपने पीछे पत्नी और तीन बच्चे छोड़ गया है। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाया और उसे परिजनों के सुपर्द कर दिया। डी.सी.पी. भारती डबास ने बताया कि आरोपों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीम गठित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि मृतक के परिजन कोई रंजिश न होने की बात कह रहे हैं, पर असलियत तब सामने आएगी जब आरोपी गिरफ्तार हो जाएगा तथा उससे पूछताछ की जाएगी।



