गोहाना के कांग्रेस के शहरी कार्यकर्ताओं ने किया हल्ला बोल प्रदर्शन
गोहाना :-13 नवम्बर : सोमवार को कांग्रेस के गोहाना शहर के कार्यकर्ताओं ने विधायक जगबीर सिंह मलिक के नेतृत्व में भाजपा के खिलाफ हल्ला बोल कार्यक्रम के तहत प्रदर्शन किया जिसमें जुलूस निकालकर भाजपा की नीतियों की पोल खोली गई। विधायक ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर छह हजार रुपये बुढ़ापा पेंशन की जाएगी, पांच सौ रुपये में गैस सिलेंडर दिया जाएगा, कर्मचारियों के लिए पुरानी पेंशन नीति बहाल की जाएगी और युवाओं को रोजगार दिया जाएगा।
कांग्रेस कार्यकर्ता पुराना बस स्टैंड पर एकत्रित हुए। उनका जुलूस मेन बाजार, रोहतक गेट, अंबेडकर चौक, सिविल रोडे, समता चौक, बरोदा रोड, काठ मंडी, पुरानी अनाज मंडी और रेलवे रोड से गुजरते हुए वापसी में विधायक के कार्यालय में सम्पन्न हुआ।
विधायक जगबीर सिंह मलिक ने प्रतिभागी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रदेश बेरोजगारी, अपराध, महंगाई में देश में प्रथम स्थान पर है और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। भ्रष्टाचार के विभिन्न मामले सामने आने पर सरकार जांच के नाम पर खानापूर्ति करती है।
उन्होंने आरोप लगाया कि फैमिली आई.डी. और प्रॉपर्टी आई.डी. के नाम पर लोगों को परेशान किया जा रहा है |अग्निवीर योजना से युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ किया जा रहा है। राज्य सरकार ने कौशल रोजगार निगम बनाकर युवाओं के लिए स्थायी रोजगार का रास्ता बंद कर दिया।
विधायक जगबीर सिंह मलिक ने कहा कि कर्मचारियों के लिए पेंशन नीति को लागू नहीं किया जा रहा है। पात्र लोगों की बुढ़ापा पेंशन काटकर उनको परेशान किया जा रहा है।



