नीतीश की माफी खापों को मंजूर नहीं, नीतीश ने जल्दी त्यागपत्र नहीं दिया तो प्रदेश की खापें बिहार जाएंगी, वहां की खापों से नीतीश कुमार का कराएगी सम्पूर्ण बहिष्कार
गोहाना :-9 नवम्बर :बिहार के सी. एम. नीतीश कुमार द्वारा माफी मांग लेने भर से खापें संतुष्ट नहीं हैं।महिलाओं के प्रति विधानसभा में उन द्वारा की गई टिप्पणी से हरियाणा की खापें लाल हो गई हैं। गुरुवार को नरवाल खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष भले राम नरवाल ने कहा कि अगर नीतीश ने जल्दी त्यागपत्र नहीं दिया, प्रदेश की खापें बिहार जाएंगी तथा वहां की खापों से नीतीश कुमार का सम्पूर्ण बहिष्कार करवाएंगी।
भलेराम नरवाल गांव कथूरा स्थित खाप के राष्ट्रीय कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। नरवाल खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बिहार के सी. एम. ने पूरी नारी जाति का अपमान किया है। यह अपमान उन महिलाओं का नीतीश कुमार की पार्टी की निर्वाचित प्रतिनिधि हैं। कई बार मुख्यमंत्री की कुर्सी और केंद्र में मंत्री रह चुके नीतीश कुमार ने विधानसभा में जो अनर्गल प्रलाप किया, गिनती के शब्दों में उसके लिए माफी मांग लेना उनके अपराध का समाधान नहीं है।
नरवाल खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष भले राम नरवाल ने इस प्रावधान पर आश्चर्य व्यक्त किया कि विधानसभा की टिप्पणी के लिए केवल स्पीकर को कार्रवाई करने का अधिकार है। उन्होंने सवाल किया कि स्पीकर नीतीश की अपनी पार्टी का होने से उन पर कोई कार्रवाई क्यों करेगा।
भलेराम नरवाल ने बिहार के सी. एम. से तुरंत कुर्सी छोड़ने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि यदि नीतीश कुमार ने जल्दी त्यागपत्र नहीं दिया, जल्दी ही हरियाणा की सभी खापों को एकत्र किया जाएगा। उसके बाद सभी खापें बिहार जाएंगी। वहां की खापों से नीतीश कुमार का सम्पूर्ण सामाजिक बहिष्कार करवाया जाएगा।



