धान से अटी गोहाना की नई अनाज मण्डी, खरीद बंद कर गेट पर ताला लगाया
गोहाना :- जींद रोड स्थित नई अनाज मंडी में आवक के हिसाब से धान का उठान नहीं किया जा रहा है। हालात यह हैं कि रविवार को मंडी जाम रही और देर रात को ही मंडी प्रधान ने खरीद बंद करने की घोषणा कर दी। मंडी में उठान कम होने के कारण आढ़ती एसोसिएशन की ओर से सभी गेटों पर ताला लगा दिया गया। किसान रोजाना की तरह सोमवार तड़के फसल लेकर पहुंचे तो मंडी के गेट पर ताला लगा हुआ था। इससे उनको परेशानी का सामना करना पड़ा। अनाज मंडी धान से भरी बोरियों से अटी हुई है। इससे किसानों को फसल डालने में परेशानी हो रही है।
अधिकारियों के अनुसार नई अनाज मंडी में रोजाना 60 हजार क्विंटल के करीब धान का उठान किया जा रहा है, जबकि बिकने के लिए एक लाख क्विंटल से अधिक आ रहा है। ऐसे में चार दिन से मंडी फुल पड़ी है। इसी के चलते आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान ने सोमवार को खरीद बंद कर दी। मौजूदा समय में अनाज मंडी में 13 लाख क्विंटल से अधिक धान की आवक हो चुकी है।
जाम खुलवाने के लिए मंडी प्रधान स्वयं उतरे मैदान में
दो दिन से जाम की स्थिति के कारण मंडी में किसान व आढ़ती परेशान हैं। मंडी में फसल उतारने की जगह न मिलने की शिकायत लेकर आढ़ती मंडी प्रधान के पास पहुंच रहे थे। सोमवार को भी जाम लगा देख विनोद सहरावत खुद जाम खुलवाने के लिए मंडी में पहुंचे और लोड हुए ट्रकों को बाहर निकलवाने का काम शुरू कराया। विनोद सहरावत का कहना है कि आढ़तियों व किसानों की सुविधा के लिए सोमवार को मंडी को बंद किया गया। मंगलवार को मंडी में किसानों को फसल उतारने के लिए जगह उपलब्ध हो जाएगी।
वर्जन
मंडी से धान का उठान किया जा रहा है। आवक अधिक होने से मंडी में धान की बोरियां रखी हुई हैं। एजेंसी को गाड़ियों की संख्या बढ़ाकर उठान तेजी से करवाने के निर्देश दिए हैं।
दीपक लोहचब, सचिव, मार्केट कमेटी।



