Breaking NewsCrimeSonipat
सोनीपत में किराना दुकान के बाहर पटाखे बेचता गिरफ्तार
सोनीपत :-प्रभु नगर में किराना दुकान के बाहर पटाखे बेच रहे दुकानदार को सिटी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसके पास से भारी मात्रा में पटाखे बरामद हुए हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एक्सप्लोसिव एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सिटी थाना के एएसआई संजय कुमार ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ हिंदू चैरिटेबल वाली गली में गश्त कर रहे थे। इस दौरान उन्हें सूचना मिली कि प्रभु नगर में एक दुकानदार अपनी किराना की दुकान के बाहर पटाखे बेच रहा है। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगा मगर उसे दबोच लिया गया। जांच में बोरों में भरकर रखे गए पटाखे मिले। दुकानदार की पहचान गौरव के रूप में हुई है। बोरों में 121 पैकेट अनार, 21 पैकेट बम की लड़ी, अलग-अलग मार्का के 209 पैकेट राकेट, 139 पैकेट चकरी, 20 पैकेट सुतली बम, 31 पैकेट चिटपिट, 30 डिब्बी पेंसिल फुलझड़ी, 80 पैकेट बुलेट बम, 15 पैकेट हाइड्रो बम, 175 पेटी फुलझड़ी बरामद हुई। दुकानदार पटाखे को लेकर कोई लाइसेंस नहीं दे सका।
दो सप्ताह में चार मामले आ चुके सामने
सोनीपत में अवैध रूप से पटाखे बेचने के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। सोनीपत में दो सप्ताह के अंदर पांचवां मामला सामने आया है। इससे पहले भी वीरवार रात को पुलिस ने मॉडल टाउन चार मरला में घर के बाहर से युवक को पटाखे सहित पकड़ा था। बुधवार रात को चोरी निरोधक स्टाफ ने बहालगढ़ में गोदाम के अंदर से पटाखे पकड़े थे। बुधवार को ही मुख्यमंत्री उड़नदस्ता ने गोहाना में खल-बिनौले की दुकान से पटाखे बरामद किए थे। इससे पहले 21 अक्तूबर को दयाल चौक के पास दुकान से पटाखे बरामद हुए थे।



