गोहाना में पराली जलाने वाले किसानों पर जुर्माने का भाकियू ने किया विरोध
गोहाना :- 4 नवम्बर : पराली जलाने पर बुटाना और खंदराई में किसानों पर लगाए गए जुर्माने के विरोध में शनिवार को किसान भारतीय किसान यूनियन के जिला अध्यक्ष अशोक लठवाल के नेतृत्व में लघु सचिवालय स्थित एस.डी.एम. कार्यालय पहुंचे। किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और जुर्माना लगाने का विरोध किया।
अशोक लठवाल ने बताया कि शुक्रवार को प्रशासन की तरफ से फ्लैग मार्च निकालकर किसानों को फसल अवशेष न जलाने को लेकर जागरूक किया जा रहा था। इस दौरान एस.डी.एम. ने दो किसानों पर फसल अवशेष जलाने का जुर्माना किया। प्रशासन की तरफ से किसानों को कार्रवाई का डर दिखाकर अनावश्यक दबाव बनाया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि फसल अवशेष जलाने को लेकर किसानों पर कार्रवाई करना उचित नहीं है। इससे किसान वर्ग में भारी रोष है। प्रशासन को प्रदूषण के अन्य कारणों का समाधान करने के लिए भी कार्य करने की आवश्यकता है न की किसानों पर जुर्माना करने की। इस मौके पर अन्य किसान भी मौजूद रहे।


