गोहाना में पलटे कैंटर के नीचे स्कूटी दबने से चालक की मौत
पानीपत के सिवाह गांव का था मृतक, स्कूटी के रजिस्ट्रेशन की डिटेल से हुई शिनाख्त, आरोपी चालक कैंटर को मौके पर छोड़ कर हुआ फरार
गोहाना :-4 नवम्बर : गोहाना-सोनीपत मार्ग पर बड़ौता गांव में फ्लाईओवर के पुल के निकट शुक्रवार की रात को एक कैंटर अचानक पलट गया। कैंटर के नीचे उसी समय वहां से गुजर रही एक स्कूटी फंस गई जिससे स्कूटी चालक की दर्दनाक मौत हो गई।
मृतक की पहचान स्कूटी के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर हुई। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कैंटर को अपने कब्जे में ले लिया। उसका चालक मौके से फरार हो गया। शनिवार को मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम करवा कर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
मृतक पानीपत के सिवाह गांव का राधे श्याम पुत्र रविदत्त था। वह बुड़शाम गांव के सरकारी स्कूल में चपड़ासी था। उसके बेटे गौरव द्वारा पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार राधेश्याम शुक्रवार को स्कूटी पर अपनी ड्यूटी पर गया था। वह जाते हुए परिजनों को बता कर गया था कि वह स्कूल की छुट्टी के बाद पिनाना गांव में अपने छोटे भाई बिजेंद्र ससुराल में हो कर आएगा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिस समय राधेश्याम नेशनल हाईवे 352 ए के सोनीपत बाईपास के पुल के निकट गुजर रहा था, उसी समय एक कैंटर अनियंत्रित होने से अचानक सड़क पर पलट गया जिसके नीचे राधे श्याम अपनी स्कूटी समेत दब गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। एक्सीडेंट होने के बाद कैंटर को मौके पर छोड़ कर उसका चालक वहां से फरार हो गया। पुलिस ने कैंटर को अपने कब्जे में ले लिया। स्कूटी कैंटर के नीचे दबने से बुरी तरह से नष्ट हो गई।
मौके पर पहुंची पुलिस जब शिनाख्त नहीं करवा सकी, तब उसने स्कूटी की डिटेल हासिल की जिसमें वह स्कूटी सिवाह गांव के राधेश्याम पुत्र रवि दत्त के नाम पर रजिस्टर्ड मिली। इस पर परिवार से संपर्क किया।
मृतक का बेटा गौरव, उसका बड़ा भाई अनंत राम और अन्य परिजन शनिवार की सुबह गोहाना के नागरिक अस्पताल के शवगृह में पहुंचे। परिजनों ने उसके राधेश्याम होने की तसदीक कर दी। मृतक के बेटे गौरव के बयान पर कैंटर के नंबर के आधार पर उसके अज्ञात चालक पर केस दर्ज कर लिया गया।


