गोहाना में आला अधिकारियों के फ्लैग मार्च ने पकड़ी जलती पराली
गोहाना :-3 नवम्बर : शुक्रवार की शाम को आला अधिकारियों ने धान उत्पादकों से पराली न फूंकने की मनुहार करने के लिए फ्लैग मार्च निकाला। इस फ्लैग मार्च में बुटाना गांव में मौके पर एक किसान को अपने खेत में पराली जलाते हुए पकड़ लिया गया।
तमाम तरह की सख्ती के बावजूद पराली जलाने की घटनाएं लगातार हो रही हैं। इसी के चलते इन दिनों गोहाना क्षेत्र का ए. क्यू. आई. बड़े खतरनाक स्तर से गुजर रहा है। किसान पराली न जलाएं, इसके लिए उन्हें समझाने के लिए प्रशासन और कृषि विभाग के उच्चाधिकारी मैदान में उतरे।
कृषि विभाग के सोनीपत जिले के डी.डी.ए. डॉ. पवन शर्मा और गोहाना के एस. डी. ओ. डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेहरा के साथ प्रशासन से एस. डी. एम. आशीष वशिष्ठ, नायब तहसीलदार डॉ. प्रमोद कुमार, तीनों ब्लॉकों के बी. डी. पी. ओ. परमजीत, सुरेंद्र कुमार और अंकुर कुमार की टीम ने पुलिस बल के साथ फ्लैग मार्च निकाला।’
यह फ्लैग मार्च उन गांवों में पहुंचा जहां पराली जलाने की शिकायतें सबसे ज्यादा हैं। फ्लैग मार्च गोहाना शहर, बुटाना, गंगाणा, जागसी, बिचपड़ी और खंदराई गांवों में पहुंचा। अधिकारियों ने सब जगह किसानों को अनुरोध किया किँ वे पराली न जलाएं। पराली जलाने से होने वाले नुकसान विस्तार से बताए और समझाए गए।
अधिकारी तब चौंक उठे जब उन्होंने बुटाना गांव के एक खेत में पराली जलते हुए मौके पर पकड़ ली। इस खेत को खंदराई गांव के नवीन पुत्र शमशेर ने भाड़े पर ले रखा है। अधिकारियों ने आनन-फानन में खेत में जल रही पराली को बुझा दिया।
अधिकारियों ने आरोपी किसान नवीन पर 2500 रुपए का जुर्माना लगाया। पुलिस को उस पर केस दर्ज करने का आदेश भी दिया गया।
