सोनीपत में इकलौते बेटे ने घर में फंदा लगाकर किया सुसाइड ; युवकों ने की थी मारपीट, पिता बोला धमकी के दबाव में दी जान ; 4 के खिलाफ FIR

खरखौदा :- हरियाणा के सोनीपत में एक युवक ने घर में फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। उसके साथ कुछ युवकों ने मारपीट की थी। परिजनों का आरोप है कि मारपीट करने वालों ने जान से मारने की धमकी दी थी, जिससे डर कर उनके बेटे ने आत्महत्या कर ली। पुलिस ने मृतक युवक के पिता के बयान पर 4 युवकों के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने का केस दर्ज किया है पुलिस छानबीन कर रही है।
खरखौदा थाना के जांच अधिकारी ASI जयवीर सिंह ने बताया कि गांव छिन्नौली के रणबीर ने डायल 112 पर सूचना दी थी कि उसका बेटा मोहित मेरे व मेरी पत्नी के साथ लडाई झगडा कर रहा है। पुलिस टीम मकान पर पहुंची तो रणबीर व उसकी पत्नी मकान के ऊपर से उठकर आए और कहने लगे कि मोहित नीचे कमरे मे सो रहा है। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला।
रणबीर ने बताया मोहित कमरे में टांड के लोहे के सरीए पर रस्सी बांध कर फंदा लगाए हुए है। उसकी पत्नी ने कहा की अभी लड़के का शरीर गर्म है। उसकी जान बच सकती है। उसी दौरान पड़ोसियों की मदद से उसे खरखौदा अस्पताल में पहुंचाया गया। जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
रणबीर ने थाना खरखौदा में पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बेटे मोहित ने कल उसे बताया था कि गांव छिनौली के ही सन्नी, रोहित, मोहित व जगबीर ने काफी दिन पहले मारपीट की थी। इसके बाद गत 9 अक्टूबर को सन्नी व मोहित ने मारपीट की थी। मोहित की मां ने पुलिस की डायल 112 नंबर पर सूचना दी। अब मोहित, सन्नी, रोहित व जगबीर ने उसके बेटे को जान से मारने की धमकी दी थी। इनकी धमकी के दबाव में आकर मोहित ने आत्महत्या की है।
ASI जयवीर सिंह ने बताया कि पुलिस ने थाना खरखौदा में रणबीर की शिकायत पर छिनौली गांव के ही संजय, मोहित, जगबीर व रोहित के खिलाफ धारा 306, 34 IPC के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।



