बेलर मशीन से गंगाणा गाँव के खेत में पराली प्रबंधन करके दिखाया
गोहाना :- 30 अक्तूबर : कृषि एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा किसानों को पराली प्रबंधन के लिए जागरूक किया जा रहा है। इस क्रम में सोमवार को विभाग के जिला सोनीपत के उप कृषि निदेशक (डी. डी.ए.) डॉ. पवन शर्मा विभाग के अधिकारियों के साथ गांव गंगाणा में पहुंचे। इस दौरान अधिकारियों ने किसानों को बेलर मशीन से पराली का प्रबंधन करके दिखाया।

डी. डी. ए. शर्मा ने कहा कि किसान बेलर मशीन से आसानी से पराली का उचित प्रबंधन कर सकते हैं। किसान इस मशीन से पराली प्रबंधन करके पोर्टल पर दर्ज करवाएं। ऐसा करने पर सरकार द्वारा किसान को 1 हजार रुपये प्रति एकड़ दिए जाएंगे। ए.ए.ई. नवीन हुड्डा ने बताया कि बेलर् मशीन से पराली के बर्फी की तरह पीस बनाए जाते हैं। इससे किसान को पराली को बेचने में बहुत आसानी रहती है। इस प्रक्रिया से खेत पूरी तरह से साफ हो जाता है। एस. डी. ओ. डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेहरा ने बताया कि विभाग पराली जलाने की घटनाओं पर पूरी तरह से निगरानी बनाए हुए हैं। विभाग के कर्मचारी रविवार को छुट्टी के दिन भी निगरानी रखते हैं।


