आम आदमी पार्टी ने गोहाना को जिला बनाने का किया समर्थन ; जिला बनने के बाद ही होगा गोहाना का विकास : ढांडा
गोहाना :-19 अक्तूबर : बरोदा हलके और गोहाना हलके के कांग्रेसी विधायकों ने जानबूझकर काम नहीं लिए। आम आदमी पार्टी गोहाना को जिला बनाने की मांग के साथ है। इस क्षेत्र का विकास जिला बनाने के बाद ही संभव होगा। यह टिप्पणी गुरुवार को आम आदमी पार्टी की हरियाणा इकाई के प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने की। वह बरोदा हलके के निजामपुर गांव में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
प्रदेश उपाध्यक्ष ने कहा कि भूपेंद्र हुड्डा ने सी. एम. रहते हुए दस सालों में गोहाना क्षेत्र में एक भी बड़ी कंपनी और उद्योग को नहीं लगाया। उन्होंने हमेशा यहां के लोगों के वोट लेकर धोखा देने का काम किया। अनुराग ढांडा ने कहा कि केंद्र सरकार ने धान का एक्सपोर्ट बंद कर रखा है। नियम ऐसे बना दिए कि 1200 डॉलर प्रति टन के कम दाम पर एक्सपोर्ट नहीं कर सकते, इसलिए एक्सपोर्टर धान नहीं खरीद रहे। इसके कारण किसानों को इस साल प्रति क्विंटल 700 रुपए का आर्थिक नुकसान हो रहा है। अनुराग ढांडा ने कहा कि पूरे हरियाणा की जनता पुरानी पार्टियों से परेशान हो चुकी है। जनता अब प्रदेश में बदलाव चाहती है। पुरानी पार्टियों के राजनेताओं ने बस अपने घर भरने का काम किया है।
पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार ने पहले साल में 35 हजार से ज्यादा युवाओं को नौकरी देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि पूरे देश के लोग अरविंद केजरीवाल को और उनकी पार्टी को बड़ी उम्मीदों से देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेता राजनीति करने के लिए नहीं, राजनीति को बदलने के लिए आए हैं। इस मौके पर डॉ. मनीष यादव, राजेश सरोहा, महेंद्र छिक्कारा, सतीश राज देशवाल, नवीन गौड़, संदीप मलिक, राजेश सनसनवाल आदि भी मौजूद रहे।



