गोहाना :- 15 अक्तूबर : भारतीय जनता पार्टी ने रविवार को गोहाना में जननायक जनता पार्टी को जोर का झटका जोर से दे दिया। गोहाना हलका जजपा के अध्यक्ष पद से हटाए जाने से नाराज चल रहे नरेंद्र गहलावत ने पार्टी को अलविदा कह दिया। गुरुग्राम में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ की हाजिरी में पार्टी में सम्मिलित हो गए। गोहाना से गहलावत को गुरुग्राम में सोनीपत भाजपा के जिला अध्यक्ष तीर्थ सिंह राणा अपने साथ ले कर गए।
नरेंद्र गहलावत गोहाना में विष्णु नगर में रहते हैं। वह मूलत: गोहाना हलके के गुहणा गांव के हैं। वह राजनीति में 1987 में तत्कालीन लोकदल-ब उम्मीदवार किशन सिंह सांगवान के चुनाव से सक्रिय राजनीति में आए। 36 साल के सियासी जीवन में गहलावत पहले इनेलो के प्रमुख पदों पर रहे जिनमें जिला महासचिव का पद प्रमुख रहा। इनेलो में विभाजन के बाद नरेंद्र गहलावत ने जजपा का साथ दिया। नरेंद्र गहलावत को पहले गोहाना सिटी जजपा का अध्यक्ष बनाया गया। उनके अच्छे काम को देखते हुए बाद में गोहाना हलका जजपा का अध्यक्ष बना दिया गया। लेकिन कुछ महीने पहले उन्हें अचानक उनके पद से हटा दिया गया। बदले में हालांकि उनको जजपा के व्यापार प्रकोष्ठ का जिला अध्यक्ष भी बना दिया गया, पर नरेंद्र गहलावत उससे संतुष्ट नहीं थे तथा हलका अध्यक्ष के पद से हटाए जाने के बाद से घर में बैठे थे। रविवार को नरेंद्र गहलावत ने जजपा की चाबी फेंक दी। उन्होंने भाजपा का कमल धारण कर लिया। वह अपने साथियों के साथ गुरुग्राम पहुंचे। उन्हें वहां भाजपा के जिला अध्यक्ष तीर्थ सिंह राणा ले कर गए। प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने नरेंद्र गहलावत को पूर्ण मान सम्मान प्रदान करने का वायदा किया।



