गोहाना में एक ही रात में चार दुकानों में चोरी
चारों दुकानों में छतों से दरवाजे या खिड़की तोड़ सीढ़ियों से नीचे उतरे चोर, सी.सी.टी.वी. कैमरों को किया क्षतिग्रस्त
गोहाना :- 10 अक्तूबर : सोमवार की रात शहर में सिविल रोड पर स्थित चार दुकानों में एक साथ चोरी हो गई। ये चोरियां ऐसी दुकानों में हुई जिनमें छत से नीचे उतरने के लिए सीढ़ियां थीं। दरवाजे या खिड़की तोड़ कर चोर नीचे उतरे। सी.सी.टी.वी. कैमरों को क्षतिग्रस्त किया। चोरी मोबाइल फोन की दो दुकानों, एक फोटोस्टेट और एक पुस्तक भंडार में हुई। एक मोबाइल फोन की दुकान से चोर नए और पुराने फोन के साथ असेसरी भी ले गए, लेकिन बाकी की तीन दुकानों से केवल गल्ले साफ किए। पुलिस जांच कर रही है।
चोरी जिंदल किताब घर, मोबाइल हब, गुरुकृपा टेलीकॉम और भारत रंगीन फोटोस्टेट में हुई। चारों दुकानों में चोरी का कॉमन पैटर्न रहा। चारों दुकानों में चोर छत के रास्ते नीचे उतरे। छत पर पहुंचने के बाद अगर चोर दरवाजा नहीं तोड़ सके तो खिड़की उखाड़ दी। जिन दकानों में सी.सी.टी.वी. कैमरे लगे हुए थे, चोरों ने सीढ़ियों से दुकान में उतरते ही सबसे पहले सी.सी.टी.वी. कैमरों को नुकसान पहुंचाया। चोरों ने या तो कैमरों के मुंह मोड़ दिए अथवा उन्हें उखाड़ कर फेंक दिया। जिन दुकानों में चोरी हुई, उन सब के पिछवाड़े में एक मैरिज पैलेस है। जिंदल किताब घर जगमंद्र दास जिंदल की शॉप है। उनके अनुसार जब वह सुबह दुकान खोलने के लिए पहुंचे, अंदर सब अस्त-व्यस्त था। चोर इस दुकान के गल्ले से 6 हजार रुपए ले गए।
मोबाइल हब के गल्ले से 31 हजार रुपए चुराए गए।दुकान के मालिक अजय कुमार के अनुसार गल्ले में रिपेयर के लिए आए करीब 8 मोबाइल फोन एप्पल के थे। उन सब पर लॉक लगे थे। चोरों ने मोबाइल फोन गल्ले से निकाल कर बाहर काउंटर पर रख दिए। मोबाइल शॉप में नए मोबाइल फोन भी थे, पर कैश के अलावा चोरों ने इस दुकान में किसी दूसरे सामान को टच तक नहीं किया। लेकिन गुरुकृपा टेलीकॉम में करीब तीन लाख का नुकसान हो गया। दुकान के मालिक हैप्पी का कहना है कि चोर उसकी दकान से नए और मोबाइल फोन तथा महंगी असेसरी भी ले गए।
चोरों के निशान पर चौथी दुकान भारत फोटोस्टेट रही। यह दुकान बिजेंद्र कुमार की है। उनका मुख्य काम फार्मों और फोटोस्टेट का है। चोर उनकी दुकान के गल्ले से लगभग चार हजार रुपए ले गए। गल्ले में रबड़ से बांध कर रखे सिक्के भी चोरों ने नहीं छोड़ सूचना मिलने पर गोहाना सिटी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची तथा जांच प्रारंभ कर दी।



