ReligionSonipat

सोनीपत में बंगाल से पहुंचे 300 कारीगर तैयार कर रहे रामलीला का पंडाल

सोनीपत :- कामी रोड स्थित रामलीला मैदान पर इस बार रामलीला का भव्य मंचन किया जाएगा। इसकी तैयारियां जोरों पर हैं। रामलीला मंचन का पंडाल तैयार करने के लिए बंगाल से 300 कारीगर पहुंचे हैं, जो पंडाल को भव्य रूप देने में जुटे हैं। श्रीराम लीला सभा के पदाधिकारियों का कहना है कि रामलीला मंचन के लिए हर साल कुछ नया करने का प्रयास रहता है। इस बार होने वाली रामलीला भी विशेष रहेगी।
श्रीराम लीला सभा के प्रधान महेंद्र मंगला ने बताया कि रामलीला मंचन को लेकर तैयारियां जोरों पर हैं। रामलीला के सभी कलाकार वृंदावन से 14 अक्तूबर को पहुंचेंगे और 15 अक्तूबर से रामलीला का मंचन शुरू किया जाएगा। रामलीला देखने के लिए आने वाले दर्शकों की सुविधा का इस बार विशेष ख्याल रखा गया है। महिलाओं व पुरुषों के बैठने के लिए अलग-अलग ब्लॉक बनाए गए हैं। साथ ही बैठने की व्यवस्था व पंडाल इस प्रकार बनाया गया है कि आखिरी पंक्ति में बैठे दर्शक भी रामलीला मंचन को सहजता से देख सकें। रामलीला के लिए तैयार किए जा रहे पंडाल में प्रवेश व निकासी द्वार अलग-अलग बनाए जाएंगे।
रामलीला मैदान में अलग से बनाई जाएगी लंका
रामलीला मंचन को आकर्षक बनाने के लिए इस बार मैदान में मुख्य पंडाल से अलग लंका भी बनाई जाएगी। जिससे लंका दहन का सजीव चित्रण किया जा सके। लंका दहन को लेकर सुरक्षा के भी व्यापक प्रबंध किए गए हैं। यही नहीं पहली बार रामलीला मंचन का यूट्यूब चैनल पर लाइव प्रसारण किया जाएगा।
पार्किंग की रहेगी विशेष सुविधा
श्रीराम लीला सभा के पदाधिकारियों ने बताया कि रामलीला मंचन देखने के लिए आने वाले दर्शकों को बेहतर सुविधा देते हुए मैदान पर अलग से पार्किंग की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा बच्चों के लिए आकर्षक झूले लगाए जाएंगे और खाने-पीने के स्टॉल की अलग से व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही महिलाओं के लिए मेहंदी के भी स्टॉल रहेंगे।
Khabar Abtak

Related Articles

Back to top button