गोहाना :- 5 अक्तूबर : जान से मारने की धमकी से वह इतना परेशान हो गया कि उसने जहर खा का जान दे दी। बेटे से बात करने के लिए जब उसके पिता ने फोन किया, तब उसका फोन पुलिस वाले ने उठाया। मृतक के पिता के बयान पर पुलिस ने एक महिला समेत 5 नामजद आरोपियों पर आत्महत्या के लिए मजबूर करने का केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतक मोनू पुत्र कृष्ण (25) निवासी गांव कासंडी पेशे से ड्राइवर था। वह एक अक्तूबर से घर से अपनी बाइक ले कर निकला था। 3 अक्तूबर की दोपहर उसने पिता कृष्ण को फोन किया। उसने पिता को बताया कि कासंडी गांव के बिजेंद्र पुत्र जयभगवान, निशा पत्नी बलजीत, कुलदीप पुत्र कर्मचंद, सतीश और दीपक पुत्रान बलवान उसे जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मोनू ने पिता को बताया कि आरोपी कह रहे हैं कि अगर गांव में आया, तुझे जान से मार देंगे। तुझे और तेरे परिवार को देख कर छोड़ेंगे।
कृष्ण ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि आरोपियों की धमकी के डर से उसका बेटा घर नहीं आया। उसे बार-बार फोन मिलाया गया, पर उसने फोन नहीं उठाया ।4 अक्तूबर को फोन किया तो फोन एक पुलिस वाले ने उठाया पुलिस वाले ने उसे गोहाना-खानपुर कला मार्ग पर रजवाहा नॅबर 9 की पटरी पर पहुंचने के लिए कहा।मोनू के पिता के अनुसार जब वह रजवाहे की पटरी पर पहुंचा, वहीं उसके बेटे की लाश पड़ी हुई थी। उसकी बाइक रजवाहे की पटरी पर खड़ी थी । बाइक पर ही उसका मोबाइल फोन रखा हुआ था और साथ में सल्फास की गोलियों की डिब्बी रखी हुई थी । डिब्बी में केवल दो गोलियां बची हुई थीं। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए पहुंचाया। पुलिस ने पाँचों नामजद आरोपियों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज कर लिया।



