गोहाना :- शहर के आदर्श नगर स्थित एक घर में खिड़की की ग्रिल तोड़कर से जेवरात व 50 हजार रुपए चोरी करने के मामले में शहर थाना की पुलिस ने तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी अजय उर्फ काला मध्य प्रदेश के माधोगढ़ का रहने वाला है। पुलिस ने उसे न्यायालय में पेश करके चार दिन के रिमांड पर लिया है।
आदर्श नगर निवासी रमेश ने 19 मई को शहर थाना में शिकायत दी थी कि 18 मई की रात को करीब 9 बजे वह और उसकी पत्नी खाना खाकर पिछले कमरे में सो गए थे। इससे पहले उन्होंने मकान के सभी दरवाजे बंद कर दिए थे। अगले दिन सुबह करीब 4 बजे उठे तो दूसरे कमरे की खिड़की की ग्रिल उखड़ी हुई मिली। उसकी पत्नी ने अंदर कमरे में जाकर देखा तो स्टोर में रखी अलमारी का सामान बिखरा हुआ मिला। उसके अनुसार चोर खिड़की की ग्रिल उखाड़कर अंदर घुसे और अलमारी से सोने के दो कड़े, सोने की दो चेन, कानों के बाले, एक लॉकेट, अंगूठी, पाजेब, चांदी के 38 सिक्के व 50 हजार रुपए नकद चोरी करके ले गए। इसी के आधार पर पुलिस ने चोरी का केस दर्ज करके जांच शरू कर दी थी। इस मामले में पुलिस यूपी के झांसी निवासी आरोपी सुमित व रणजीत को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।



