गोहाना :- 30 सितम्बर : गोहाना नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी ने शनिवार को कहा कि किसी भी परिवार की रीढ़ की हड्डी उस परिवार के बुजुर्ग होते हैं। बुजुर्गों का आशीर्वाद ही सफलता का मूलमंत्र होता है। रजनी इंद्रजीत विरमानी गोहाना-जींद मार्ग पर स्थित ओम पब्लिक स्कूल में ग्रांड पेरेंट्स डे पर समर्पण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि पहुंचीं। विशिष्ट अतिथि डॉ. उर्मिल रहीं। अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत स्कूल की निदेशक निर्मल लाठर और प्रिंसिपल मनजीत खासा ने किया। संयोजन वाइस प्रिंसिपल रेखा बजाज का रहा।
मुख्य अतिथि नगर परिषद की चेयरपर्सन रजनी इंद्रजीत विरमानी ने कहा कि वर्तमान पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक धरोहर को संजो कर रखना होगा। उन्होंने कहा कि पारिवारिक संस्कार ही व्यक्तित्व का सर्वांगीण विकास करते हैं। विशिष्ट अतिथि डॉ. उर्मिल ने कहा कि बच्चों को पौष्टिक आहार का पोषण दें तथा उन्हें जंक फूड से पूरी तरह से दूर रखें। इस आयोजन में कक्षा एक और दो के 257 नन्हे-मुन्ने बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी।



