गोहाना :- सोनीपत के गोहाना में महम रोड स्थित दूध के बूथ पर बैठे दुकानदार पर पिस्तौल तानकर बाइक सवार दो युवकों ने तीन हजार रुपये लूट लिये। विरोध करने पर दुकानदार को पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित दुकानदार ने एक आरोपी को पहचान लिया है। मामले की शिकायत शहर थाना गोहाना पुलिस को दी गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शास्त्री कॉलोनी निवासी संदीप ने पुलिस को बताया कि उनकी महम रोड में देवीलाल नगर के सामने दूध की दुकान है। मंगलवार की रात करीब 11 बजे वह अपनी दुकान पर बैठे हुए थे। अचानक से बाइक पर सवार दो युवक आए और उन पर पिस्तौल तान दी। इस दौरान दूसरे युवक ने दुकानदार की जेब से तीन हजार रुपये निकाल लिये। जब उन्होंने विरोध किया तो उनके साथ मारपीट कर दी। उसके बाद युवक बाइक पर सवार होकर भाग गए। दुकानदार संदीप का कहना है कि उन्होंने एक युवक को पहचान लिया है जो कथूरा का रहने वाला वीरेंद्र है। उन्होंने मामले से पुलिस को अवगत कराया। पुलिस ने जांच के बाद लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जांच अधिकारी के अनुसार
मामले को लेकर दुकानदार ने शिकायत दी थी, जिस पर दो आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। -इंस्पेक्टर नीरज कुमार, थाना प्रभारी, शहर गोहाना।



