गोहाना :-19 सितम्बर : हरियाणा चमार महासभा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने रोहतक लोकसभा से सांसद डॉ. अरविंद शर्मा के खिलाफ प्रदर्शन किया। महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि सांसद ने मेघवाल व कबीरपंथी समाज को अनुसूचित जाति वंचित वर्ग की सूची से बाहर करने की सिफारिश करते हुए CM को
पत्र लिखा। महासभा के पदाधिकारी सोनीपत रोड स्थित उपमंडलीय परिसर में एकत्रित हुए।
महासभा के प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मवीर मदीना, प्रदेश प्रवक्ता अशोक बामनिया, गोहाना इकाई के अध्यक्ष ओम प्रकाश मेहरा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बिजेंद्र चहल ने कहा कि सांसद डा. अरविंद शर्मा ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर अपनी मंशा स्पष्ट कर दी है। सांसद अनुसूचित जाति को मिले आरक्षण से संतुष्ट नजर नहीं आ रहे हैं।सांसद द्वारा इस तरह से पत्र लिखा जाना ठीक नहीं है।
अशोक बामनिया ने कहा कि डिप्राइव्ड क्लास के संदर्भ में सुप्रीम कोर्ट में मामला विचाराधीन है। बिना फैसला
आए सांसद द्वारा आधिकारिक पत्र जारी करना संकीर्ण मानसिकता का प्रमाण है। डा. शर्मा भूल गए हैं कि जिस समाज के कारण वे सांसद बने उसी समाज का विरोध भविष्य में उनको भारी पड़ सकता है। इस मौके पर
अधिवक्ता रामानंद धनखड़, हरिदास गिरोह, भल्ले राम नरवाल, संजय कल्सन, जगत सिंह, सीलक राम गिरोह, महिपाल सिंह, ईश्वर सिंह आदि मौजूद रहे।



