गोहाना :- बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में मरीजों को जल्द अल्ट्रासाउंड की नियमित सुविधा मिलेगी। इसके लिए अस्पताल में अल्ट्रासाउंड की दो बड़ी मशीनें लगाई जाएंगी। पुरानी मशीनों के कंडम होने के बाद चिकित्सा अधिकारियों ने मुख्यालय को प्रपोजल भेजा। महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में रोजाना विभिन्न रोगों की ओपीडी में 2000 से अधिक मरीज आते हैं। इसमें कई को अल्ट्रासाउंड की सलाह दी जाती है।हर रोज 200 से अधिक मरीजों के अल्ट्रासाउंड होते हैं, तीन महीने से दो मशीनें के कंडम होने से सभी मरीजों को सुविधा नहीं मिल पा रही है। इसी के मद्देनजर अब चिकित्सा अधिकारियों ने मुख्यालय को प्रपोजल भेजकर दो बड़ी मशीनों की मांग की है।
फिलहाल यह है अल्ट्रासाउंड की सुविधा की स्थिति : अस्पताल में अभी दो बड़ी और तीन छोटी पांच अल्ट्रासाउंड की मशीनें हैं। बड़ी मशीनों से हर रोज 80 से 100 मरीजों के ही अल्ट्रासाउंड किए जा रहे हैं। तीनों छोटी मशीनें आईसीयू में हैं, जिनसे दाखिल मरीजों की जांच होती है। ^अल्ट्रासाउंड की दो मशीन पुरानी होने के चलते कंडम हो चुकी हैं। इनकी जगह नई मशीनें रखी जानी हैं, जिसके लिए मुख्यालय को प्रपोजल भेजकर दो बड़ी मशीनों की मांग की गई है। मुख्यालय से मंजूरी मिलते ही अस्पताल में मशीनें स्थापित करके उन्हें चालू करा दिया जाएगा
डॉ. राजीव महेंद्रू, निदेशक, बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज, खानपुर कलां



