गोहाना :- गिवाना गांव के नजदीक बन रहे जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे के पास बाइक सवार नकाबपोश बदमाश ने पहले दुधिया को पिस्तौल दिखाकर धमकी दी। उसके बाद डर से दूधिये बचने की कोशिश में भागा तो बदमाश ने हवाई फायर भी किया। इसको लेकर दुधिया ने सदर थाना में शिकायत दी, जिस पर पुलिस ने अज्ञात बदमाश के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
रोहतक के पोलंगी निवासी प्रवीण ने पुलिस को बताया कि वह दूध बेचने का काम करता है। वह मंगलवार को अपने गांव से दूध लेने के लिए गिवाना गांव जा रहा था। जब वह शाम करीब साढ़े 5 बजे गिवाना रोड पर निर्माणाधीन जम्मू-कटरा एक्सप्रेस-वे के पास पहुंचा तो पीछे से एक युवक बाइक लेकर आया। उसकी बाइक पर नंबर प्लेट नहीं थी और उसने परने से अपना मुंह ढका हुआ था।
उसने अपनी बाइक को उसकी बाइक के बराबर में लगा दी। इसके बाद उसे देसी कट्टा (अवैध पिस्तौल) दिखाया और उसे जान से मारने की धमकी दी। इससे वह डर गया और अपनी बाइक को गांव की तरफ घुमाकर भाग निकला। उसके बाद उसने पीछे मुड़कर देखा तो युवक ने दहशत फैलाने और उसे डराने के लिए हवाई फायर भी किया। इसी के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



