गोहाना :- हरियाणा में एक दूसरे पर ब्लैकमेलिंग और छेड़छाड़ का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति और एक महिला ने खुदकुशी कर ली। पहले करनाल में बाइक कारोबारी संदीप ने सल्फास निगल लिया। उसने सुसाइड नोट छोड़कर गोहाना की महिला और उसके पति और भाई पर आरोप लगाए।
इसका पता चलने पर गोहाना की महिला ने भी जहर निगलकर जान दे दी। उसने जहर की शीशी के साथ वीडियो बनाया और उसमें अरुण समेत 4 लोगों को मौत का जिम्मेदार बताया। पुलिस ने इस मामले में करनाल और गोहाना में केस दर्ज कर लिए हैं।
करनाल के कारोबारी के परिजन बोले- ब्लैकमेल किया
करनाल में बाइक का कारोबार करने वाले संदीप ने मंगलवार को सुसाइड किया। उसने सुसाइड नोट में लिखा- ”मैं बहुत ज्यादा परेशान होकर अपने 2 छोटे-छोटे बच्चों को छोड़कर जा रहा हूं। मेरी मौत का कारण किरण और संदीप होंगे। लव यू डैड, मुझे माफ कर देना, जय सीता राम…”।
उसके परिजनों ने कहा कि करनाल के संदीप की 2 साल पहले इंस्टाग्राम पर गांव गोहाना निवासी किरण के साथ दोस्ती हुई थी। जिसके बाद वे दोनों की जान-पहचान बढ़ गई। परिजनों के मुताबिक, कुछ समय बाद किरण संदीप को ब्लैकमेल करने लगी थी।
किरण संदीप से पैसे लेती रही, जब पैसे देने बंद कर दिए तो किरण ने 27 जुलाई को घरौंडा थाने में संदीप के खिलाफ रेप की शिकायत सौंप दी। 26 जुलाई को दोनों पक्षों के बीच साढ़े 3 लाख रुपए में समझौता हो गया था।
इसके बाद किरण ने अपनी नाबालिग बेटी से संदीप के छोटे भाई अरुण के खिलाफ 26 अगस्त को पॉक्सो एक्ट, धारा 452 व 506 के तहत केस दर्ज करा दिया। जब वे थाने गए तो किरण, उसके पति संदीप, किरण के भाई संजू व उसकी मां ने संदीप को धमकी दी थी। उन्हें कहा था कि अगली बार 5 लाख रुपए का इंतजाम करके आना। इस वजह से संदीप परेशान था।
महिला ने कहा- मेरी बेटी के साथ गलत किया
महिला ने आत्महत्या करने से पहले करीब एक मिनट की वीडियो बनाई। जिसमें महिला हाथ में जहर की शीशी पकड़े हुए है। वह एक महिला का नाम लेकर कह रही है कि- वो तुझे अपनी बहन मानता था। सारी बात बता कर मरा है तेरे को। अब मैं भी मरने जा रही हूं, गोली खा के। मुझे भी इसके बाप ने मजबूर किया ओर उसे भी मजबूर किया। मुझे भी इंसाफ मिलना चाहिए। उसने मेरे लिए कभी गलत नहीं किया।
दूसरों ने मेरे साथ गलत किया। मुझसे और संदीप से गलत काम कराए। मेरे पति का इसमें कोई कसूर नहीं है। मेरी बेटी को इंसाफ मिलना चाहिए। अरुण ने मेरी बेटी के साथ गलत किया है। मुझे इंसाफ चाहिए मेरी बेटी का। अरुण को सजा मिलनी चाहिए। उसने संदीप के साथ भी गलत किया। संदीप को उन्होंने आत्महत्या के लिए मजबूर किया। मैं भी मजबूर की। मेरे पति को भी टॉर्चर कर रहे हैं। बच्चों को भी कर रहे हैं। मुझे भी मरने को मजबूर कर दिया उन्होंने।
उसने इसके साथ ही आरोप लगाया कि उसकी बेटी के साथ गलत (छेड़छाड़) किया गया, उसे न्याय दिलाने के लिए वह आत्महत्या कर रही है।
महिला के परिजनों का कहना है कि उसे अश्लील वीडियो बना कर ब्लैकमेल भी किया जा रहा था। 5.71 लाख रुपए के लेनदेन का विवाद भी सामने आया है।
गोहाना सिटी थाना प्रभारी नीरज ने बताया कि महिला ने सुसाइड किया है। वीडियो में अरुण द्वारा तंग किए जाने का जिक्र बार बार किया है। पुलिस ने मृतका के पति के बयान दर्ज कर करनाल के अरुण समेत 4 के खिलाफ आत्महत्या के लिए विवश करने की धाराओं में केस दर्ज है।
पति बोला- डेढ़ साल पहले गए थे करनाल, विवाद हुआ तो गोहाना लौटे
गोहाना में रहने वाला एक व्यक्ति करीब डेढ़ साल पहले अपने परिवार के साथ करनाल में रहने के लिए गया था। उसने बताया करनाल में एक युवक ने उसकी पत्नी की अश्लील वीडियो बना ली और फिर उसे ब्लैकमेल करने लगे। इस बीच उसकी बेटी के साथ भी इन युवकों ने छेड़छाड़ की। उन्होंने पुलिस में इस पर केस दर्ज कराया। इस पर विवाद बढ़ गया।
व्यक्ति इसके बाद करनाल को छोड़ कर अगस्त महीने में परिवार को लेकर अपने घर गोहाना आ गया। इस बीच सोमवार को करनाल में संदीप ने सुसाइड कर लिया। इसकी सूचना महिला को लगी तो वह भी बेचैन हो गई। मंगलवार को उसने अपने घर में जहर की शीशी हाथ में लेकर वीडियो बनाया और इसके बाद जहर की गोली खा ली। महिला को खानपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
महिला के पति ने बताया कि करनाल के अरुण और संदीप के साथ उनका रुपए का लेने देन था। संदीप ने उनसे 5.71 लाख रुपए लिए थे। अरुण व उसके साथियों ने रुपए देने से मना कर दिया। उसकी पत्नी इससे परेशान हो गई थी। साथ ही अपनी अश्लील वीडियो व ब्लैकमेलिंग और बेटी के साथ हुई छेड़छाड़ की घटना से भी वह दुखी थी। उसे इन लोगों ने आत्महत्या के लिए विवश किया है।



