
गोहाना :- गोहाना के आंवली के सिंगापुर में सुपरवाइजर की नौकरी दिलाने के नाम पर 2.05 लाख रुपये की ग्रामीण के साथ ठगी की गई है। ग्रामीण को फर्जी नियुक्ति पत्र देकर सिंगापुर तो भेज दिया, लेकिन उसकी नौकरी नहीं दी गई और उसे 3 दिन तक भूखा रखकर काम कराया गया और मारपीट भी की गई। पीड़ित ने एक भारतीय की मदद ली और वह वापस घर लौट पाया। जब पीड़ित आरोपी से पैसे वापस लेने गया तो जान से मारने की धमकी दी गई। अब पीड़ित ने अदालत के आदेश पर सदर थाना गोहाना में मामला दर्ज कराया है।।
गांव आंवली के साहिल ने पुलिस को बताया कि वह गांव कटवाल निवासी बीजे को जानता है। बीजे ने उसे गांव के ही मोहित से मिलवाया। जो लड़कों को विदेश में भेजता है और नौकरी लगवाता है। मोहित ने साहिल को सिंगापुर में मल्टीनेशनल कंपनी में सुपरवाइजर की नौकरी दिलवाने का विश्वास दिलाया। जिसके बाद साहिल को मोहित पर विश्वास हो गया। आरोपी मोहित ने दस्तावेज तैयार करा एक कंपनी की तरफ से साहिल का इंटरव्यू करवाया। साहिल को सिंगापुर भेजने के लिए 3 लाख 5 हजार रुपये मांगे गए। उसे बाद में हिसार के शारूआ के मनोज से मिलवाया। मोहित व मनोज ने जून के महीने में दो लाख पांच हजार रुपये ले लिए। मनोज ने साहिल को फर्जी नियुक्ति पत्र दिया और आईडी बनवाकर उसे सिंगापुर भेज दिया गया। सिंगापुर में तीन दिन तक साहिल से काम करवाया। साथ ही मारपीट की गई और भूखा रखा गया। साहिल एक भारतीय की मदद लेकर स्वदेश लौट आया। जब साहिल रुपये मांगने के लिए गया तो आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी गई। उसने पुलिस को शिकायत दी तो कार्रवाई नहीं की गई। पीड़ित का आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने पीड़ित के पिता को ही डांट दिया गया। उसके बाद पीड़ित ने अदालत का दरवाजा खटखटाया। अदालत के आदेश पर अब सदर थाना पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।



