गोहाना :- आज सांय शहर की पुरानी अनाज मंडी में एक बाइक पर आए तीन सशस्त्र बदमाशों ने एक स्वर्णकार को लूटने की ना कोशिश की। पूरी वारदात दुकान में लगे CCTV कैमरों में कैद हो गई। वारदात के समय दुकान मालिक का बेटा दुकान पर था। इसी बीच मालिक स्वयं आ गया। उसके चिल्लाने पर नजदीकी दुकानदार इकट्ठे हो गए। इस पर बदमाश मौके से भागने को मजबूर हो गए। सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंच गई तथा जांच प्रारंभ कर दी।
पुरानी अनाज मंडी के. रत्न ज्वेलर्स शॉप लड़कियों के सरकारी स्कूल के पास श्री बालाजी मार्कीट में है। डायमंड कारोबारी अनिल जैन उत्तम नगर में रहते हैं। उनके साथ शॉप पर उनका बेटा ऋषभ जैन बैठता है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शाम के 4 बजे ऋषभ जैन दुकान पर दो महिला ग्राहकों को अटेंड कर रहा था। उस समय अनिल जैन दुकान पर नहीं थे।
अचानक एक बाइक पर तीन नकाबपोश आँए। उनमें से एक नकाबपोश बाइक पर रहा जब कि बाकी के दो नकाबपोश दुकान के अंदर घुसे। नकाबपोश बदमाशों ने ऋषभ से सोने की अंगूठी दिखाने के लिए कहा। ऋषभ ने बताया कि वे डायमंड का व्यवसाय करते हैं, तो बदमाश हीरे की अंगूठी दिखाने की कहने लगे। इतनी देर में दोनों बदमाशों ने अपने हथियार जेबों से निकाल लिए और उन्हें लहराने लगे। एक बदमाश पिस्तौल के साथ काउंटर फांद कर तिजोरी के पास पहुंच गया। लेकिन उसी समय ऋषभ के पापा अनिल जैन आ गए। प्रवीण जैन ने शोर मचा दिया।उनके चिल्लाने पर दोनों बदमाश आनन-फानन में बाहर खड़ी बाइक पर तीसरे साथी के साथ फरार हो गए।
आरोप है कि पड़ोसी दुकानदारों को भी हथियार दिखा डराने की कोशिश की गई। डॉयल 112 पर फोन किया गया। इस पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई। फुटेज में आरोपी चेहरे ढंके हुए दिखाई दे रहे हैं। जिस बाइक पर आरोपी आए, उसका नंबर भी फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है। अगर नम्बर प्लेट जाली न हुई, पुलिस के लिए बदमाशों के गले नापना आसान हो जाएगा। पुलिस वारदात की जांच में जुट गई है।



