गोहाना :- भाजपा के हरियाणा प्रभारी एवं त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देब ने कांग्रेस सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस ने देश पर 70 साल तक राज किया, लेकिन कोई ऐसा काम नहीं किया जिससे आमजन को फायदा मिला हो। केवल परिवार के सदस्यों को फायदा पहुंचाने का काम किया और भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है। भाजपा सरकार ने 9 साल में देश को प्रगति की राह पर पहुंचाया है। अब किसान और मजदूर के बच्चे भी सरकार नौकरी पा रहे हैं। वह रविवार को गोहाना की अनाज मंडी में बरोदा हलका विधानसभा क्षेत्र के पन्ना प्रमुखों के सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव में लोगों को भ्रमित करती है और आम लोग उनके वादे से भ्रमित हो जाते हैं। जब चुनाव का परिणाम आता है तो आम आदमी को उनके झूठे वादों का पता चलता है, इसीलिए वह आज लोगों को सावधान करने आए हैं, ताकि आम जन गुमराह न हों और अपने हित की सरकार चुने।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार ने देश में कोई बदलाव नहीं किया। भाजपा सरकार समय के साथ बदलाव कर रही है, जो जरूरी है। कांग्रेस सरकार ने याद करने वाला कोई काम नहीं किया, जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चंद्रयान का सफल परीक्षण कराया है।
उन्होंने कहा कि सरकारी कर्मचारियों को तबादले के लिए हर बार रिश्वत देनी पड़ती थी, लेकिन इस सरकार ने ऑनलाइन ट्रांसफर पॉलिसी लागू की है। इससे तबादले के धंधे के साथ ही खर्ची-पर्ची पूरी तरफ से बंद हो गई है। भाजपा के जिला अध्यक्ष तीर्थ राणा ने कहा कि पन्ना प्रमुखों की बदौलत ही अगले चुनाव में भाजपा फिर से जीतेगी। सम्मेलन को सांसद रमेश कौशिक, विधायक मोहनलाल बड़ौली, पूर्व जिला अध्यक्ष डॉ. धर्मवीर नांदल, डॉ ओमप्रकाश आत्रेय, योगेश्वर दत्त व अन्य ने संबोधित किया।



