
गोहाना :- शहर के राजकीय महिला कॉलेज के असुरक्षित भवन को हटाकर छात्राओं के लिए नया भवन तैयार किया जाएगा। नया भवन चार मंजिला होगा। नए भवन में कक्षाएं लगाने के लिए 30 कमरे और 24 लैब होंगी। इसके अतिरिक्त भवन में छात्राओं और शिक्षकों की सुविधा के अनुसार स्टाफ रूम, कॉमन रूम और शौचालय भी बनेंगे। कॉलेज प्रशासन ने नए भवन के लिए डिमांड तैयार कर एस्टीमेट बनाने के लिए पीडब्ल्यूडी को भेजा है। पीडब्ल्यूडी ने महिला कॉलेज के भवन को कंडम घोषित किया हुआ है।
कंडम घोषित किए हुए भवन में कक्षाएं लगाने के लिए 40 कमरे, स्टाफ रूम, कॉमन रूम और लैब भी शामिल हैं। कॉलेज में अब कक्षाएं लगाने के लिए केवल 24 कमरे ही बचे हैं। कॉलेज में छात्राओं की संख्या करीब 2300 है। छात्राओं की संख्या के अनुपात में कमरे पर्याप्त नहीं हैं। कमरों की संख्या कम होने के कारण छात्राओं को कक्षाएं लगाने में परेशानी होती है। वहीं कॉलेज का पुरान भवन लो लाइन एरिया में भी है। अधिक बरसात होने पर कॉलेज परिसर में एक से डेढ फीट तक जलभराव हो जाता है।
क्लासरूम तक जाने के लिए छात्राओं और शिक्षकों को पानी के अंदर से ही जाना पड़ता है। बीते दिनों उच्चतर शिक्षा विभाग ने कॉलेज प्रशासन से नए भवन को लेकर डिमांड मांगी थी। कॉलेज में इन विभागों के लिए भी होंगे अलग से कमरे कॉलेज के नए भवन में एचओडी के लिए 15 कमरे, एडमिनिस्ट्रेशन ब्लॉक के तीन कमरे बनेंगे। इसके अतिरिक्त छात्राओं व शिक्षकों का कॉमन रूम, एक्टिविटी रूम, प्लेसमेंट रूम, एनएसएस, एनसीसी, महिला सैल, कल्चरल एक्टिविटी रूम, खेल, जिम, स्टोर, आईक्यूएसी, एनएएसी, प्राचार्य कार्यालय के लिए एक-एक कमरा तैयार किया जाएगा।
कॉलेज में 20 शौचालय छात्राओं और 6 शौचालय स्टाफ के लिए तैयार किए जाएंगे। 24 कमरों में बनेंगी 7 लैब महिला कॉलेज के नए भवन में 24 कमरों में 7 अलग-अलग संकायों एवं विषयों की लैब बनेंगी। कंप्यूटर व ज्योग्राफी लैब के लिए 5-5 कमरे, केमिस्ट्री, फिजिक्स, बॉटनी- जुलॉजी लैब के लिए 3-3 कमरे, साइकोलॉजी लैब के लिए 2 कमरे बनेंगे।
कॉलेज का भवन असुरक्षित है। पीडब्ल्यूडी ने भवन को कंडम घोषित किया हुआ है। नए भवन के निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी को डिमांड तैयार कर भेजी है। डिमांड के आधार पर ही पीडब्ल्यूडी नए भवन का एस्टीमेट तैयार करेगा। -सतीश कुमार, कार्यकारी प्राचार्य, राजकीय महिला कॉलेज, गोहाना



