गोहाना :-सीआईए स्टाफ ने छिछड़ाना गांव में पंचायत चुनाव के दौरान सरपंच पद के प्रत्याशी की गोली मारकर हत्या करने के आरोपी परमजीत को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी छिछड़ाना गांव का ही रहने वाला है। आरोपी पर पुलिस ने पांच हजार रुपए का इनाम घोषित किया हुआ था। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए तीन दिन के रिमांड पर लिया है। जांच अधिकारी जलजीत सिंह ने बताया कि पंचायत चुनाव के दौरान दस नवंबर को छिछड़ाना गांव में सरपंच पद के प्रत्याशी दलबीर की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
हत्या का कारण पुरानी रंजिश था। घटना के समय दलबीर के साथ उसका बेटा राहुल भी साथ था। राहुल को दो गोलियां लगी थी। राहुल ने मामले की शिकायत पुलिस को दी थी। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार राहुल ने तस्वीर, अशोक, अमित, आदित्य, भोलू, अमित, पप्पू, प्रदीप, मंजीत, राकेश, मीता ने हमला कर पिता को गोली मार दी थी। गोली लगने से उसके पिता की मौत हो गई। मामले की छानबीन करते हुए पुलिस ने 12 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने अब हत्या के 13वें आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।



