गोहाना :- गोहाना-खानपुर कलां मार्ग पर स्थित ग्लोबल पब्लिक स्कूल के बच्चों ने इस बार रक्षाबंधन पर्व पर नई दिल्ली स्थित राष्ट्रपति भवन को दस्तक दी तथा वहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राखी बांधी। ग्लोबल पब्लिक के पांच विद्यार्थी इस बार राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को राखी बांधने पहुंचे। ये बच्चे कक्षा 9 से कशिश, रितिका और नैंसी, कक्षा 10 से प्रतिष्ठा और अंश रहे। पांचों बच्चों के साथ स्कूल के एम. डी. पंकज जाले भी गए। मार्गदर्शन स्कूल की प्रिंसिपल प्रीति शर्मा का रहा।
पांचों विद्यार्थियों ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की कलाई पर राखी बांधी तो राष्ट्रपति ने बच्चों को आशीर्वाद के साथ उपहार भी भेंट किए। राष्ट्रपति से भेंट कर तथा उन्हें राखी बांध कर ग्लोबल पब्लिक स्कूल की टीम बहुत प्रसन्न तथा उत्साहित दिखाई दी। स्कूल के एम. डी. पंकज जाले और प्रिंसिपल प्रीति शर्मा ने कहा कि न केवल विद्यार्थियों अपितु स्कूल प्रबंधन के लिए भी राष्ट्रपति के दर्शन करना एक अत्यन्त सुखद और अविस्मरणीय अनुभव रहा।



