गोहाना:- गुरुवार की शाम को प्रदेश के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदय भान पर पलटवार किया। उदय भान द्वारा खुद को मेंटल कहे जाने पर व्यंग्य करते हुए विज ने कहा कि जो खुद पागल होते हैं, उनको सब ही पागल नजर आते हैं। अनिल विज गोहाना में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। विपक्ष के आयोजनों में भारी भीड़ जुटने पर प्रतिक्रिया में गृह मंत्री ने कहा कि इन को खड़े न देखो,इनको पड़े देखना।
उन्होंने कहा कि विपक्ष के पास कहने के लिए कुछ खास बचा नहीं है। स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि अलग प्रदेश बनने के बाद से उनकी सरकार ने सबसे ज्यादा 900 चिकित्सकों की भर्ती की है। इनमें से 850 चिकित्सकों ने ज्वाइन भी कर लिया है। उन्होंने यह भी दावा किया कि आशा वर्करों को देश में सबसे ज्यादा भुगतान हरियाणा में किया जा रहा है।
अनिल विज ने कहा कि 9 साल पहले जब नरेंद्र
मोदी पी.एम. बने थे, उस वक्त गैस सिलेंडरों का जो रेट
था, वही रेट अब है। तब 9 करोड़ उपभोक्ता थे, अब
उपभोक्ता बढ़ कर 35 करोड़ हो गए हैं। उन्होंने विरोधी
नेताओं पर सवाल दागा कि जब उनकी सरकार थे, आम
आदमी के लिए उज्ज्वला योजना लागू क्यों नहीं की।
गृह मंत्री ने कहा कि थानों के भवनों का सर्वेक्षण
करवाया गया है। जिन थानों के भवन जर्जर हैं, उनकी
जल्दी मरम्मत करवाई जाएगी। इस अवसर पर सोनीपत
भाजपा के जिला उपाध्यक्ष इंद्रजीत विरमानी और बलराम कौशिक भी उपस्थित रहे।



