गोहाना :- शहर की आईटीआई में तीन मेरिट लिस्ट जारी होने के बाद भी विभिन्न ट्रेडों में सीटें खाली रह गईं। आईटीआई में आठ ट्रेडों में 23 सीटें खाली हैं। जिसके लिए ऑन द स्पॉट दाखिला किया जाएगा। इसके लिए शिक्षकों ने भी विद्यार्थियों के ग्रुपों में मैसेज भेजना शुरू कर दिया है। आईटीआई में 13 ट्रेडों में 476 सीटें हैं। इनमें से अधिकांश सीटों पर दाखिला प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। संस्थान में अब आठ ट्रेडों में 23 सीटें खाली बची हैं।
इनमें टर्नर, मशीनिष्ट, पलंबर, फैशन डिजाइनिंग, ड्राफ्समैन, इलेक्ट्रॉनिक मैकेनिक में एक-एक, टूल एंड डाई में तीन और कारपेंटर में 14 सीटें खाली हैं। इन सीटों को भरने के लिए संस्थान ने ऑन-द-स्पॉट दाखिला प्रक्रिया शुरू की है। इसके अंतर्गत विद्यार्थी दाखिला लेने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने के बाद संस्थान में आकर दाखिला फीस जमा करवा सकता है। खाली सीटों के आधार पर विद्यार्थी की फीस जमा करवाकर उसे दाखिला दे दिया जाएगा।
खाली सीटों पर जल्द दाखिले करवाने के लिए अधिकारियों ने शिक्षकों की भी जिम्मेदारी तय की है। शिक्षक विद्यार्थियों के माध्यम से उन विद्यार्थियों से संपर्क कर रहे हैं, जिन्होंने किसी भी संस्थान में अब तक दाखिला नहीं लिया है।



