गोहाना :- सरकारी स्कूलों में विज्ञान लैब में अब सामानों की किल्लत नहीं होगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने स्कूलों को बजट जारी किया है। बजट सीनियर सेकेंडरी और हाई स्कूल के लिए अलग-अलग जारी हुआ है। सीनियर सेकेंडरी स्कूल के लिए 40 हजार और हाई स्कूल के लिए 20 हजार रुपए का बजट जारी हुआ है। स्कूल प्राचार्यों को जल्द ही सामान की खरीद कर बीईओ कार्यालय को सूचित करना होगा।
सरकारी स्कूलों में लंबे समय से विज्ञान लैब में सामान की खरीद नहीं हुई है। इसके चलते लैब में सामान की किल्लत बनी हुई है। सामान की कमी के कारण विद्यार्थियों को लैब में प्रयोग करने में असुविधा होती है। लैब में सामान की कमी के कारण विद्यार्थियों को प्रैक्टिकल में विज्ञान को समझने में परेशानी होती है। इसका असर विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी पड़ता है। शिक्षा विभाग स्कूलों में विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर को बेहतर बनाने के लिए गंभीर है। विभाग ने अब स्कूलों में विज्ञान लैब के सामान की खरीद के लिए बजट जारी कर दिया है। स्कूलों को यह बजट जल्द ही खर्च कर बीईओ कार्यालय को सूचित करना है।
ब्लॉक अनुसार स्कूलों की संख्या शिक्षा विभाग ने उपमंडल के सभी सरकारी स्कूलों की विज्ञान लैब के लिए बजट जारी किया है। गोहाना ब्लॉक में सीनियर सेकेंडरी स्कूल 21 और हाई स्कूल 11 हैं। मुंडलाना ब्लॉक में सीनियर सकेंडरी स्कूल 16 और हाई स्कूल 9 हैं। वहीं कथूरा ब्लॉक में 12 सीनियर सेकेंडरी और 4 हाई स्कूल हैं।
सामान आने से विद्यार्थियों को होगा फायदा ^विभाग ने सरकारी स्कूलों में विज्ञान लैब के सामान की खरीद के लिए बजट जारी किया है। लैब में नया सामान आने से विद्यार्थियों को फायदा होगा। इससे उन्हें नया सीखने को मिलेगा। स्कूलों को जल्द ही सामान की खरीद के निर्देश दिए हैं। अनिल श्योराण, बीईओ, गोहाना



