गोहाना :- गोहाना के एक गांव में मंगलवार शाम को एक युवक की गोली मार कर हत्या कर दी गई। उसे घर से फोन करके बुलाया गया था। जिस हालत में शव पड़ा मिला है, उसे भागते हुए गोली मारी गई है। मृतक पर हत्या का केस दर्ज है और इन दिनों हाई कोर्ट से जमानत पर आया था। पुलिस मौके पर पहुंच कर छानबीन में लगी है।
जानकारी के अनुसार गोहाना क्षेत्र के गांव छतेहरा का देंवेंद्र मंगलवार शाम को 5 बजे तक घर पर ही था। इसी बीच उसे किसी का फोन आया और वह घर से चला गया। करीब एक घंटे बाद परिजनों को सूचना मिली कि उसकी महमूदपुर गांव में गोली मार कर हत्या कर दी गई है। सूचना के बाद परिजन मौके पर पहुंचे।
देवेंदर का शव महमूदपुर गांव में अमित चहल के कार्यालय के बाहर औंधे मुंह पड़ा मिला है। कार्यालय के बरामदे में भी खून के निशान मिले हैं। प्रारंभिक जांच में माना जा रहा है कि देवेंद्र को वारदात का आभास हो गया था। उसने भागने का प्रयास किया। लेकिन उसे भागते हुए ही गोली मार दी गई।
मृतक देवेंद्र और इसके मामा पर इसराना में मर्डर का केस चल रहा था। देवेंद्र को इस केस में पंजाब एंड हरियाणा हाई कोर्ट से जमानत मिली हुई है। माना जा रहा है कि इसी रंजिश में देवेंद्र की हत्या हुई है। हालांकि पुलिस अभी मौके पर छानबीन कर रही है। परिजनों के बयान दर्ज करने के बाद ही पूरी घटना सामने आएगी। इसराना में करीब 9 साल पहले मर्डर की सनसनीखेज वारदात में ये शामिल रहा था।
देवेंद्र की हत्या गोली मार कर की गई है। गोली उसकी छाती में लगी है। माना जा रहा है कि पूरे प्लान के साथ ही उसे वारदात स्थल पर बुलाया गया था। भागने लगा तो गोली मार दी। देवेंद्र खेती बाड़ी का काम करता था।



