गोहाना :- कथूरा गांव में शनिवार को जर्जर मकान तोड़ते समय अचानक से छज्जा गिर गया। इसके मलबे के नीचे मकान मालिक सहित दो लोग दब गए। ग्रामीणों ने दोनों को निकालकर रोहतक स्थित पीजीआई पहुंचाया, जहां एक कीमौत हो गई, जबकि मकान मालिक उपचाराधीन है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।
बताया गया कि कथूरा निवासी सुरेंद्र नरवाल का गांव में ही पुराना मकान है, जिसमें बैंक चलता था। बीते काफी दिनों से मकान जर्जर होने के कारण खाली पड़ा था, जिसका निर्माण करवाने के लिए तोड़ा जा रहा था। ग्रामीणों के अनुसार शनिवार सुबह करीब 11 बजे मजदूर मकान तोड़ने का काम कर रहे थे। मकान के अंदर सुरेंद्र नरवाल व ग्रामीण सुरेंद्र कुमार (54) खड़े थे।
तभी छज्जा टूटकर उसका मलबा दोनों के ऊपर गिर गया, जिसके नीचे दब गए। इस हादसे में सुरेंद्र कुमार की मौत हो गई। बरोदा थाना प्रभारी रमेश चंद्र ने बताया कि कथूरा गांव में मकान का मलबा गिरने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। परिजनों ने बताया है कि यह हादसा इत्तफाक से हुआ है। इस पर रविवार को पीजीआई में शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया जाएगा।



