
गोहाना :- हरियाणा के गोहाना में बाइक सवार युवकों ने पुरानी रंजिश के चलते घर के बाहर खड़े युवक पर गोली चला दी। निशाना चूकने से युवक गोली लगने से बाल बाल बच गया। हमलावर इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। युवक की मां की शिकायत पर थाना बरोदा पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
गोहाना क्षेत्र के गांव ईशापुर खेड़ी की रहने वाली मूर्ति ने बुटाना चौकी में दी शिकायत में बताया कि उन्होंने 3-4 साल पहले गांव मे एक बना हुआ मकान खरीदा था। इस मकान को लेकर पडोसी जसबीर व उसके परिवार वालों ने मिलकर उनके साथ झगड़ा किया था। इस पर उन्होंने जसबीर व उसके परिवार वालों के खिलाफ केस दर्ज कराया था।
मूर्ति ने बताया कि रात को 8 बजे उसका बेटा मोनू अपने घर के बाहर खड़ा था। वह भी अपने घर के गेट के पास खड़ी थी। इसी बीच जसबीर अपने दो अन्य साथियों के साथ बाइक पर आया और आते ही जसबीर ने उसके बेटे पर जान से मारने की नीयत से गोली चला दी। मोनू गोली लगने से बाल बाल बच गया। इसके बाद हमलावर उनको जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए। मृर्ति का कहना है कि पुरानी रंजिश के चलते ये वारदात हुई है।
मृर्ति व उसके परिजनों ने वारदात की सूचना पुलिस को दी। बुटाना चौकी पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया और मौके से गोली का एक खोल भी बरामद किया। पुलिस ने जसबीर व उसके 2 अन्य साथियों के खिलाफ धारा 307, 34, 506 IPC व 25-54-59आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस छानबीन कर रही है। आरोपी फरार हैं।



