सोनीपत में युवक से 24 लाख 25 हजार रुपए हड़पे ; बेटे को सरकारी नौकरी का फर्जी नियुक्तिपत्र थमाया ; पति पत्नी समेत 6 पर FIR

सोनीपत :- हरियाणा के सोनीपत में एक युवक से 24 लाख 25 हजार रुपए हड़प लिए गए। युवक को पहले हरियाणा पुलिस में और बाद में उतराखंड की विधानसभा में नौकरी लगवाने का झांसा देकर अलग अलग समय पर रुपए हथियाए गए। युवक को मेल पर जाली नियुक्ति पत्र भी भेजा गया। सिविल लाइन पुलिस ने पति-पत्नी, इनके बेटा-बेटी और देहरादून विधानसभा में APS मोनिका समेत 6 के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में केस दर्ज किया गया है।
सोनीपत के जटवाड़ा मोहल्ला निवासी कुलदीप ने पुलिस को बताया कि उसकी मौसी रोशनी गांव सांघी में शादीशुदा है। गांव गिझी रोहतक की सुमन की बहन उसकी मौसी के पड़ोस में रहती है। इसके जरिए वह सुमन, उसके पति जितेंद्र को जानता था। एक बार जितेंद्र व सुमन ने उससे कहा कि उनकी बहुत जान पहचान है, वह प्रार्थी के लड़के कुशल खत्री को हरियाणा पुलिस में नौकरी लगवा सकते हैं। उसे दोनों ने झांसे में ले लिया।
कुलदीप ने बताया कि उससे नवंबर 2021 में दो बार में 2 लाख रुपए, मार्च 2022 में 3 लाख रुपए, जून 2022 में 5 लाख रुपए जितेंद्र का बेटा व बेटी सांघी गांव से ले गए। सितंबर 2022 तक इन्होंने कुल 11 लाख रुपए उससे ले लिए। इसके बाद उसे शक हुआ तो उसने पति-पत्नी से रुपए वापस मांगे। फिर उसे कहा गया कि उनकी पहचान नवनीत व मोनिका से है, जो कि उत्तराखंड विधानसभा देहरादून में लगे हैं, से है और वह उसके बेटे को वहां नौकरी लगवा देगा।
उसने बताया कि 7 जून 2023 को उसके बेटे कुशल खत्री की मेल पर पत्र आया कि आपका नौकरी का प्रार्थना पत्र मंजूर हो गया है। इसके बाद दूसरा मेल आया कि आपकी नियुक्ति मंजूर हो गयी है। कुशल 13 जून को को विधान सभा गया, जहां पर मोनिका मिली।
इसके बाद उसे 20 जून को निदेशालय पहुंच कर नियुक्ति पत्र लेने के लिये कहा गया। उसे विधानसभा देहरादून में नियुक्ति दी गयी थी। उत्तराखंड शासन की तरफ से पहचान पत्र भी जारी किया गया। इसके बाद उससे और रुपए लग लिए। कुल मिलाकर उससे 24 लाख 25 हजार रुपए हथिया लिए गए। बाद में उनको दिया गया नियुक्ति पत्र जाली मिली। उसने रुपए वापस मांगे तो राशि देने से इनकार कर दिया।
सिविल लाइन थाना के जांच अधिकारी सब इंस्पेक्टर मनीष कुमार के अनुसार पुलिस ने कुलदीप की शिकायत पर गांव गिझी रोहतक की सुमन, उसके पति जितेंद्र, इनके बेटे व बेटी और देहरादून निवासी APS मोनिका व नवनीत के खिलाफ धारा 406, 420, 467, 468, 471,120B IPC के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस छानबीन कर रही है। अभी किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।



