गोहाना :- सीएम मनोहर लाल के ओएसडी वीरेंद्र सिंह बढ़खालसा ने शनिवार को उपमंडल के धनाना, बरोदा, बनवासा, रिंढाणा, छपरा, कथूरा, छिछड़ाना, मिर्जापुर खेड़ी, भंडेरी, रूखी, रभड़ा आदि गांवों में जलभराव का जायजा लिया। उन्होंने खेतों से पानी की निकासी के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की जांच की। इस दौरान उन्होंने किसानों की भी समस्याएं सुनीं। किसानों ने ओएसडी से पानी निकासी के लिए नई ड्रेन खोदने और खराब हुई फसलों का मुआवजा देने की मांग की।
ओएसडी वीरेंद्र सिंह ने कहा कि खेतों में जलभराव की स्थिति बनी है। पानी की निकासी के लिए सरकार द्वारा व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इस दौरान किसानों ने कहा कि पानी का स्तर अधिक होने से उनकी फसलें खराब हो रही हैं। उन्होंने ओएसडी से स्पेशल गिरदावरी करवाकर मुआवजा देने की मांग की। उन्होंने कहा कि बरसात सीजन में जलभराव से निपटने के लिए क्षेत्र में नई ड्रेनें खोदने की मांग की, ताकि पानी की निकासी तेजी से हो सके। उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को पानी की निकासी तेजी से कराने और किसानों की समस्याओं के समाधान के लिए हर समय तैयार रहने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नायब तहसीलदार डॉ. प्रमोद कुमार, एक्सईएन पुनीत साहनी, एसडीओ सुजीत देशवाल, निगम से एसडीओ सुनील, जेई आशीष, अनूप कुंडू, रविंद्र जागलान आदि उपस्थित थे।



