गोहाना :- बरोदा गांव में 10वीं कक्षा के एक छात्र ने 12वीं कक्षा के छात्र के सिर में रॉड मार दी। आरोपी नाबालिग छात्र ने गांव की पंचायती जिम में वारदात को अंजाम दिया। इस पर परिजनों ने उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे पहले बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज और फिर वहां से रोहतक स्थित ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। इस पर बरोदा थाना पुलिस ने पीड़ित छात्र के बयान पर आरोपी नाबालिग छात्र पर मामला दर्ज किया है।
बरोदा गांव निवासी कृष ने पुलिस को बताया कि वह गांव के ही एक निजी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ता है। उसके स्कूल में ही एक छात्र 10वीं कक्षा में पढ़ता है। आरोप है कि 10वीं कक्षा के छात्र ने 2 अगस्त को दोपहर बाद ढाई बजे उसे पीछे से सिर में रॉड मारी। उसके बाद रॉड से कमर व बाजू पर वार करके भी चोटें मारी। उसके बाद वह उसे जान से मारने की धमकी देकर वहां से चला गया। बरोदा थाना प्रभारी रमेशचंद्र ने बताया कि पुलिस की प्राथमिक जांच में आया है कि दोनों नाबालिग छात्र गांव के ही पंचायती जिम में गए थे। वहां डंबल उठाने के नंबर को लेकर उनकी आपस में कहासुनी हो गई। इसी को लेकर उनमें झगड़ा हो गया। इसको लेकर पुलिस मामले की जांच कर रही है।



