जवाहरलाल नेहरू सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पाँच दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ


गोहाना, 17 जून। जवाहरलाल नेहरू सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पाँच दिवसीय योग शिविर का शुभारंभ बड़े उत्साह एवं हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के एम.डी. श्री सुनील शर्मा ने की। योगाभ्यास का संचालन विद्यालय के प्राचार्य डॉ. सचिन शर्मा एवं बॉक्सिंग कोच श्री युकेश दत्त द्वारा किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. सचिन शर्मा ने विद्यार्थियों को योग के महत्व से अवगत कराते हुए कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि मन, मस्तिष्क एवं अपनी इन्द्रियों और संवेगों पर नियंत्रण स्थापित करने की एक प्राचीन एवं वैज्ञानिक पद्धति है। योग के नियमित अभ्यास से व्यक्ति का शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक तथा आध्यात्मिक विकास होता है। यह एकाग्रता, आत्मविश्वास, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच को विकसित करता है तथा तनाव, चिंता और अवसाद को दूर करने में सहायक सिद्ध होता है।
योग शिविर के प्रथम दिवस विद्यार्थियों को सूक्ष्म व्यायाम से प्रारम्भ कर बैठकर किए जाने वाले, खड़े होकर किए जाने वाले तथा लेटकर किए जाने वाले विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों को ध्यान (मेडिटेशन) एवं श्वास संबंधी अभ्यास भी करवाए गए, जिससे उनमें मानसिक शांति एवं एकाग्रता का विकास हो सके।
इस दौरान विद्यार्थियों को ताड़ासन का अभ्यास कराते हुए उसके लाभ भी बताए गए। बताया गया कि ताड़ासन के नियमित अभ्यास से शरीर का संतुलन एवं मुद्रा में सुधार होता है, रीढ़ की हड्डी मजबूत एवं लचीली बनती है, शरीर की मांसपेशियों में खिंचाव आता है, लंबाई के विकास में सहायता मिलती है तथा एकाग्रता एवं आत्मविश्वास में वृद्धि होती है।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को प्रतिदिन योग करने तथा इसे अपनी दिनचर्या का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया गया।


