बीपीएमएस का 41 वां निःशुल्क नेत्र एवं मेडिकल कैंप 17 जून को
दानियों से भरी पड़ी है छोटी काशी: संजय गुप्ता

भिवानी, (अनिल जिंदल) 16 जून । भिवानी परिवार मैत्री संघ (बीपीएमएस) द्वारा 41वां निःशुल्क नेत्र एवं मेडिकल कैंप 17 जून (बुधवार) को रोहतक गेट स्थित श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर में आयोजित किया जाएगा। आयोजन का समय सुबह नौ बजे से दोपहर एक बजे तक रहेगा। शिविर में सैकड़ों मरीजों की नेत्र जांच होगी और मोतियाबिंद पाए जाने पर उसके निःशुल्क ऑपरेशन की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा कैंसर आशंकित मरीजों की जांच भी की जाएगी।
भिवानी परिवार मैत्री संघ के संयुक्त सचिव और कैंप के संयोजक संजय गुप्ता ने बताया कि शिविर में दिल्ली के दो बड़े अस्पतालों के वरिष्ठ चिकित्सक मरीजों की जांच करेंगे। वेणु आई हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर के अनुभवी चिकित्सकों की टीम नेत्र रोगियों की जांच करेगी तथा राजीव गांधी कैंसर अस्पताल एवं अनुसंधान संस्थान के डॉक्टर कैंसर जांच करेंगे।
संजय गुप्ता ने बताया कि भिवानी में समाज सेवा एवं गरीबों-जरूरतमंदों की मदद करने वाले दानदाताओं की कमी नहीं है। भिवानी नगरी ऐसे दानियों से भरी पड़ी है जो दिल खोल कर आर्थिक मदद करते हैं और श्रेय भी नहीं लेना चाहते। इस बार का शिविर भी गुप्त दान से लगाया जाएगा। सेवा का यही जज्बा भिवानी की पहचान है, छोटी काशी की शान है।
संजय गुप्ता के अनुसार अब तक लगे 40 निःशुल्क नेत्र एवं चिकित्सा शिविरों में हजारों मरीज लाभ प्राप्त कर चुके हैं। बड़ी संख्या में मोतियाबिंद के निःशुल्क ऑपरेशन, सेवा का स्तर, दवाओं की गुणवत्ता और मरीज की निरंतर देखभाल के चलते भिवानी परिवार मैत्री संघ उत्तर भारत की सबसे अग्रणी सामाजिक संस्था का दर्जा प्राप्त कर चुका है।


