प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सरकार की 12 साल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा चलाया जा रहा है विशेष टीकाकरण अभियान
शनिवार को टीकाकरण अभियान के तहत गांव मुडलाना, भैरा बाकीपुर, बड़ौता सहित विभिन्न गांवों में पहुंचकर विभाग की टीम ने किया पशुओं का टीकाकरण


सोनीपत, 13 जून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में 12 साल में सरकार द्वारा जन कल्याण के लिए बनाई गई योजनाओं व नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा उप-निदेशक डॉ० रविन्द्र हुड्डïा के नेतृत्व में जिला में पशु टीकाकरण एवं जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान विभाग की टीमें गांव-गांव एवं घर-घर पहुंचकर पशुओं को विभिन्न संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए टीकाकरण कर रही हैं।
टीकाकरण अभियान के तहत पशुपालकों को पशुओं में होने वाली विभिन्न बीमारियों, उनके लक्षणों, बचाव एवं समय पर उपचार के बारे में भी जागरूक किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों एवं पशु चिकित्सकों द्वारा पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य प्रबंधन, संतुलित आहार, स्वच्छता एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी जा रही है।
शनिवार को टीकाकरण अभियान के अंतर्गत गांव मुडलाना स्थित गौशाला, गांव भैरा बाकीपुर, बड़ौता सहित जिला के विभिन्न गांवों में विभाग की टीमों ने पहुंचकर दुधारू पशुओं एवं अन्य पालतू पशुओं का टीकाकरण किया। इसके साथ-साथ कुत्तों को रेबीज से बचाव के लिए एंटी-रेबीज वैक्सीन भी लगाई गई।
उपनिदेशक डॉ. रविंद्र हुड्डा ने बताया कि पशुधन किसानों और पशुपालकों की आर्थिक समृद्धि का महत्वपूर्ण आधार है। पशुओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखना विभाग की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से जिला भर में विशेष टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है ताकि पशुओं को लंपी स्किन डिजीज, खुरपका-मुंहपका, ब्रुसेलोसिस, गलघोटू तथा अन्य संक्रामक रोगों से बचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पशुपालन क्षेत्र के विकास, पशुपालकों की आय बढ़ाने तथा पशुधन संरक्षण के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सरकार पशुपालकों को बेहतर पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आधुनिक पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। विभाग का प्रयास है कि जिले का प्रत्येक पशुपालक इन सुविधाओं का लाभ उठाए और अपने पशुधन को स्वस्थ एवं सुरक्षित रखे।
अभियान के दौरान विभागीय अधिकारियों ने पशुपालकों से अपील की कि वे अपने सभी पशुओं का समय पर टीकाकरण करवाएं तथा किसी भी प्रकार की बीमारी के लक्षण दिखाई देने पर तुरंत निकटतम पशु चिकित्सालय या विभागीय अधिकारियों से संपर्क करें। उन्होंने कहा कि समय पर टीकाकरण एवं उचित देखभाल से पशुओं को गंभीर बीमारियों से बचाया जा सकता है और पशुपालकों को आर्थिक नुकसान से भी बचाया जा सकता है।


