यमुना एक्शन प्लान के तहत हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन विनय प्रताप सिंह, आईएएस ने किया ड्रेन नंबर-6 का निरीक्षण
संबंधित अधिकारियों को प्रदूषण नियंत्रण के लिए व्यापक एवं प्रभावी कदम उठाने के दिए निर्देश


सीईटीपी बड़्डी से निकलने वाले पानी की गुणवत्ता की लगातार निगरानी रखने के निर्देश
-ड्रेन नंबर-6 पर लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने के दिए निर्देश, सोनीपत में पड़ने वाले ड्रेन नंबर-6 के बिंदओं का किया गया निरीक्षण
सोनीपत, 20 मई। हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के चेयरमैन श्री विनय प्रताप सिंह, आईएएस ने यमुना एक्शन प्लान के अंतर्गत सोनीपत क्षेत्राधिकार में आने वाले ड्रेन नंबर-6 का बुधवार को निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ड्रेन में प्रदूषण की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
चेयरमैन श्री विनय प्रताप सिंह, आईएएस ने सबसे पहले पानीपत की ओर से आने वाले ड्रेन नंबर-6 के प्रवेश बिंदु गांव भोरा रसूलपुर का दौरा किया और ड्रेन में प्रदूषण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने जिला पानीपत के संबंधित अधिकारियों को प्रदूषण नियंत्रण के लिए व्यापक एवं प्रभावी उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद उन्होंने गांव भोगीपुर का दौरा किया, जहां सीईटीपी बड्डी का कॉमन आउटलेट ड्रेन में डिस्चार्ज होता है। इस दौरान उन्होंने एचएसआईआईडीसी के विभागाध्यक्ष को निर्देश दिए कि सीईटीपी बड़्डी से छोड़े जा रहे पानी की गुणवत्ता की नियमित एवं कड़ी निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा सामूहिक स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएं।
उन्होंने ड्रेन नंबर-6 और डीडी-8 के कॉमन साइफन प्वाइंट का भी निरीक्षण किया तथा सिंचाई विभाग के विभागाध्यक्ष को ड्रेन नंबर-6 को कवर करने से संबंधित लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत उन्होंने दिल्ली की ओर से आने वाले अत्यधिक प्रदूषण भार वाले बाकनेर ड्रेन के ड्रेन नंबर-6 में मिलने वाले बिंदु का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने दिल्ली-नरेला बॉर्डर स्थित ड्रेन नंबर-6 के अंतिम निकास बिंदु का भी दौरा किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने यमुना एक्शन प्लान के क्रियान्वयन से जुड़े सभी संबंधित विभागों के जिला स्तरीय विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए गए कि वे ड्रेन नंबर-6 पर बिना उपचारित पानी के डिस्चार्ज प्वाइंट को टैप करने तथा एसटीपी/सीईटीपी निर्माण कार्यों के लिए मुख्यालय स्तर पर लंबित प्रशासनिक स्वीकृतियां जल्द प्राप्त करने हेतु अपने-अपने सक्षम अधिकारियों से व्यक्तिगत रूप से संपर्क करें।
निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें सीजेएम डीएलएसए प्रचेता सिंह , कमिश्नर नगर निगम हर्षित कुमार, एसईई कुलदीप सिंह, श्री मनजीत हुड्डा एसई सिंचाई विभाग तथा अजय सिंह आरओ, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सोनीपत व अन्य अधिकारी शामिल रहे।



