अशोक अग्रवाल की स्मृति में बीपीएमएस का 40 वां निःशुल्क नेत्र व मेडिकल शिविर 20 को
दिल्ली के वरिष्ठ चिकित्सक करेंगे जांच व उपचार

भिवानी, (अनिल जिंदल) 19 मई। विख्यात समाजसेवी अशोक अग्रवाल की पुण्य स्मृति में भिवानी परिवार मैत्री संघ (बीपीएमएस) का 40 वां निःशुल्क नेत्र एवं चिकित्सा शिविर 20 मई (बुधवार) को भिवानी के श्रीकृष्ण प्रणामी मंदिर में सुबह 9 बजे से दोपहर एक बजे तक आयोजित किया जाएगा।
जन सरोकार और जनहित कार्यों के लिए अशोक अग्रवाल का नाम किसी परिचय का मोहताज नहीं। छोटी काशी में उन्होंने समाज सेवा में इतना नाम कमाया कि लोग आज भी प्रशंसा करते नहीं थकते। उन्होंने एक ऐसी मिसाल कायम की जो अन्य सामाजिक संगठनों के लिए प्रेरणास्रोत बनी हुई है।
शिविर के बारे में जानकारी देते हुए बीपीएमएस के प्रवक्ता ने बताया कि हर जरूरतमंद को निःशुल्क बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने और ‘उज्जवल नेत्र ज्योति’ के मिशन में भिवानी परिवार मैत्री संघ ने लंबा सफर तय किया है। भिवानी के अलावा दिल्ली, लोहारू, ढिगावा व अन्य शहरों में अपने अभिनय का विस्तार किया है। प्रवक्ता ने बताया कि 40 वां निःशुल्क शिविर बीपीएमएस के लिए बेहद खास होगा। इस शिविर में दिल्ली के विख्यात वेणु आई हास्पिटल एवं रिसर्च सेन्टर के वरिष्ठ चिकित्सक नेत्र रोगियों की जांच व आपरेशन करेंगे। इसके अलावा राजीव गांधी कैंसर अस्पताल के डाक्टर मरीजों की स्वास्थ्य जांच करेंगे और यदि मरीज को कैंसर पाया गया तो इस अस्पताल में मुफ्त इलाज भी करवाया जाएगा।



