अंतर्राष्ट्रीय फल एवं फूल सब्जी बागवानी मण्डी के निर्माण को प्राथमिकता दें सभी विभाग – उपायुक्त नेहा सिंह
डीसी नेहा सिंह ने आईआईएचएम, गन्नौर का दौरा कर अधिकारियों को दिए दिशा-निर्देश


गन्नौर (सोनीपत), 08 मई। उपायुक्त नेहा सिंह ने शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय फल एवं फूल सब्जी बागवानी मण्डी, गन्नौर (आईआईएचएम) का दौरा कर सभी संबंधित अधिकारियों को दिशा निर्देश देते हुए कहा कि मंडी के निर्माण में आने वाली सभी रुकावटों का समयबद्ध तरीके से हल निकालना सुनिश्चित करें। अंतरराष्ट्रीय मंडी से जुडे मुद्दों को लेकर हुई बैठक में उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और सरकार बिना देरी के निर्माण कार्य संपन्न करने के लिए कटिबद्ध है।
उपायुक्त ने अंतरराष्ट्रीय मंडी को शुरू करने में आ रही समस्याओं में बाल्मिकी आश्रम, हनुमान मंदिर, पीर व शमशान घाट के स्थानातंरण, टेहा गांव से जुडे पानी के मुद्दे को लेकर विस्तार से चर्चा की। बैठक के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि वो शमशान घाट, व टेहा गांव से जुडे मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर लेते हुए कार्य करे। उन्होंने इस दौरान गन्नौर बीडीपीओ राजेश कुमार को निर्देश दिए कि वो शमशान घाट और वाल्मीकि आश्रम से जुडी संबंधित समस्या को जल्द से जल्द हल करवाना सुनिश्चित करें।
उन्होंने मंडी अधिकारियों को अंतरराष्ट्रीय मंडी में बनने वाले शेड, ट्रांसमिशन लाइन, आवासीय परिसर, ट्रेनिंग सेंटर, लैब, रात्रि ठहराव कक्ष, निर्यात होने वाले उत्पादों के लिए अलग से शेड, फायर स्टेशन, टैक्सी स्टैंड, 132 केवी स्टेशन और अन्य मूलभूत सुविधाएं युक्त भवन के नियम के लिए भी जरूरी निर्देश दिए।
इस दौरान एसडीएम गन्नौर प्रवेश कादियान, तहसीलदार ललिता, एक्सईएन एचएसएएमबी बिजेंद्र सिंह, एक्सईएन ईआईएल राकेश भट्ट, एक्सईएन यूएचबीवीएन प्रवीन गर्ग, एक्सईएन पब्लिक हेल्थ नवीन गोयत के साथ अन्य सभी संबंधित अधिकारी मौजूद रहें।



