तीन वर्षीय अपहृत बच्ची को चंद घंटों में दिल्ली से किया सकुशल बरामद, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

गोहाना, 27 मार्च। पुलिस आयुक्त सोनीपत ममता सिंह, आईपीएस, ADGP के मार्गदर्शन तथा पुलिस उपायुक्त गोहाना जितेन्द्र गहलावत एवं सहायक पुलिस आयुक्त राहुल देव के कुशल नेतृत्व में थाना शहर गोहाना पुलिस ने त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए अपहरण की एक गंभीर वारदात का सफलतापूर्वक खुलासा किया है। पुलिस ने मात्र कुछ घंटों के भीतर तीन वर्षीय अपहृत बच्ची को सकुशल बरामद कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए सहायक पुलिस आयुक्त राहुल देव ने बताया कि गांव गोहाना निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को सूचना दी कि उसकी तीन वर्षीय पुत्री का उसके एक रिश्तेदार ने अपहरण कर लिया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल विभिन्न टीमों का गठन कर तकनीकी एवं मानवीय संसाधनों के माध्यम से गहन जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि उक्त अपहरण की वारदात को बिहार राज्य के जिला मुजफ्फरपुर के फूलवरिया निवासी अवध साहनी के पुत्र शशि द्वारा अंजाम दिया गया है। आरोपी बच्ची को बिहार ले जाने की फिराक में था, किन्तु पुलिस की सतर्कता एवं तत्परता के चलते उसकी योजना विफल कर दी गई।
गोहाना स्थित कोर्ट कॉम्प्लेक्स चौकी प्रभारी सहायक उप निरीक्षक दिनेश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दिल्ली के मयूर विहार क्षेत्र से बच्ची को सकुशल बरामद कर लिया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस सफल अभियान में थाना शहर गोहाना की चौकी कोर्ट कॉम्प्लेक्स टीम के ASI दिनेश, ASI संदीप एवं ASI राजिंदर का योगदान अत्यंत सराहनीय रहा। पुलिस कर्मियों ने अपने कर्तव्य के प्रति समर्पण, साहस एवं दक्षता का परिचय देते हुए बच्ची की सुरक्षित बरामदगी सुनिश्चित की।
सोनीपत पुलिस आमजन की सुरक्षा के लिए सदैव प्रतिबद्ध है तथा भविष्य में भी इस प्रकार की घटनाओं पर सख्ती एवं त्वरित कार्रवाई जारी रखेगी।


