गोहाना की सूरत बदलेगी धन्यवाद एवं विकास रैली: डॉ अरविंद शर्मा
लोगों की सलाह पर बनाया गोहाना का मांगपत्र, मुख्यमंत्री खोलेंगे पिटारा, भाई-भतीजावाद, क्षेत्रवाद को बढावा देने वाले अपने गिरेबां में झांके

गोहाना, 27 मार्च। सहकारिता, कारागार, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गोहाना विधानसभा की धन्यवाद एवं विकास रैली में विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे, जो इलाके की सूरत बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को सौंपी गए मांगपत्र पर प्रशासन द्वारा फिजिबलिटी रिपोर्ट तैयार की जा रही है, ताकि सुनियोजित विकास की राह सुनिश्चित हो।
शुक्रवार को सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी सुबह 11 बजे नई सब्जी मंडी में गोहाना विधानसभा धन्यवाद एवं विकास रैली को संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि सबका साथ, सबका विकास की भावना के साथ मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी लगातार तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने पर जनता-जर्नादन का धन्यवाद उनके बीच पहुंचकर कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रदेश की जनता से सुझाव लेकर अपना बजट तैयार किया था, उसी प्रकार हमने गोहाना इलाके की जनता से सुझाव लेकर मांगपत्र तैयार किया है, जिसे मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को सौंपा जा चुका है। उन्होंने कहा कि प्रशासन अब इन मांगपत्र के आधार पर फिजिबलिटी रिपोर्ट तैयार कर रहा है, ताकि सभी जरूरी घोषणाएं की जा सकें।
पत्रकारों द्वारा पूर्व मंत्री द्वारा गोहाना में विकास कार्यों को लेकर उठाए गए सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि भाई-भतीजावाद, क्षेत्रवाद को बढावा देने वाले आज विकास की बात कर रहे हैं। उन्हें अपने गिरेबां में झांकना चाहिए, अगर उन्होंने वाकई में विकास करवाया होता तो आज उन्हें मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को विकास कार्यों की मांग सूची बुकलेट के तौर पर देने की नौबत नहीं आती। इससे पूर्व कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने सेक्टर 7 स्थित भगवान परशुराम आश्रम में पहुंचकर चिरंजीवी भगवान परशुराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और सभा को संबोधित करते हुए कहा कि गोहाना रैली रिकार्डतोड रैली साबित होगी, क्योंकि गोहाना की जनता ने भाजपा पर भरोसा जताते हुए इलाके के राजनीतिक इतिहास में पहली बार न केवल कमल खिलाया है, बल्कि रैली को लेकर भी भरपूर जोश और उत्साह दिखाया है। इस मौके पर उन्होंने भगवान परशुराम आश्रम में विकास कार्यो के लिए 31 लाख रूपए देने की घोषणा की। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष बिजेन्द्र मलिक, जिला महामंत्री महेन्द्र चिड़ाना, पार्षद प्रतिनिधि संजय सैनी, अरूण निनानिया, कुलदीप कौशिक आदि उपस्थित रहे।


