मतदाता सूची से संबंधित विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के कार्य को घर-घर जाकर पूरा करें बीएलओं : एसडीएम सुभाष चंद्र
एसडीएम की आमजन से अपील बीएलओं द्वारा मांगा गया डाटा स्पष्ट उपलब्ध करवाएं


सोनीपत, 24 मार्च। निर्वाचन पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम, सुभाष चंद्र की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में सोनीपत विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी मतदान केंद्र अधिकारियों बीएलओ एवं सुपरवाइजर्स के साथ एसआईआर के कार्य पर समीक्षा की गई।
एसडीएम सुभाष चंद्र ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे घर-घर जाकर विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (एसआईआर) से संबंधित कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि जिन बूथों का मैपिंग कार्य 10% से कम हुआ है उनको अपने कार्य को 30% तक बढ़ना है। अगली मीटिंग से पहले एसआईआर का कार्य 20% होना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नए मतदाताओं का पंजीकरण, मृत अथवा स्थानांतरित मतदाताओं के नाम संशोधन कार्य पूरी सावधानी और पारदर्शिता के साथ किए जाएं। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि निर्धारित समय सीमा के भीतर समस्त रिपोर्ट तैयार कर मुख्य निर्वाचन अधिकारी, हरियाणा को प्रेषित की जा सके। बैठक में अधिकारियों को कार्य की प्रगति की नियमित समीक्षा करने तथा किसी भी प्रकार की समस्या आने पर तत्काल उच्च अधिकारियों को अवगत कराने के निर्देश भी दिए गए।
उन्होने ने कहा कि सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्वाचन प्रक्रिया को सफल बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दे। एसडीएम ने आमजन से अपील की कि बीएलओ द्वारा एसआईआर के लिए मांगा गया डाटा स्पष्ट उपलब्ध करवाएं ताकि समय पर एसआईआर के कार्य को पूरा किया जा सके।



