ब्लॉक स्तरीय सर्वोत्तम माता पुरस्कार प्रतियोगिता का आयोजन
विजेता प्रतिभागियों को नगद पुरस्कार देकर किया सम्मानित


सोनीपत, 24 मार्च। महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी, सोनीपत ग्रामीण-1 के कार्यालय प्रांगण में ब्लॉक स्तरीय सर्वोत्तम माता पुरस्कार प्रतियोगिता का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।
इस प्रतियोगिता में सर्कल स्तर पर चयनित विजेता माताओं ने भाग लिया। प्रतियोगिता में गांव बोहला की तन्नु ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया और उन्हें 4000 रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। लुहारी टिब्बा की मोनिका ने द्वितीय स्थान 3000 रुपये तथा गांव मोहाना की नेहा ने तृतीय स्थान 2000 रुपये हासिल किया।
सीडीपीओ गीता रानी एवं सुपरवाइजर्स द्वारा प्रतिभागियों को पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा आपकी बेटी हमारी बेटी योजना के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। साथ ही सभी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं एवं उपस्थित माताओं को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के तहत शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम के दौरान बच्चों के नियमित टीकाकरण एवं स्वास्थ्य जांच के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
इस अवसर पर सुपरवाइजर्स सविता, रीतू, रेखा, अंजू, प्रवीन, सहायक दिलबाग सिंह, लिपिक राहुल, डाटा एंट्री ऑपरेटर कविता, रेखा, संजू सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



