जिला में 9 मई को होगा दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन
लोक अदालत के दौरान आपसी सहमति से किया जाएगा लंबित केसों का निपटारा

सोनीपत, 23मार्च। जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण (डीएलएसए) के सचिव प्रचेता सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 09 मई को जिला में दूसरी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि लोक अदालत के दौरान आपसी सहमति से लंबित केसों का निपटारा किया जाएगा। लोक अदालत के द्वारा न्यायालय में लंबित फौजदारी समाधेय, चेक बाउंस केस (धारा 138 एक्ट के मामले), अन्य दीवानी मामले, ट्रैफिक चालान, मोटर व्हीकल दुर्घटनाग्रस्त मामलों, वैवाहिक विवाद मामले समेत अन्य विभिन्न वर्गों के मामलों का निपटारा किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कोई भी परिवादी अपने लंबित केसों का न्यायालय में पहुँच कर आपसी रजामंदी से केसों को लोक अदालत के माध्यम से निपटारा करवा सकता है। लोक अदालत के लिए विभिन्न कोर्ट द्वारा विभिन्न वर्ग के केसों का चयन किया जा रहा है। जिनमें आपसी रजामंदी से निपटारे की संभावना है।
लोक अदालत के विषय में अधिक जानकारी व किसी भी अन्य सहायता के लिए, जिला एडीआर सेंटर, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, जिला न्यायालय परिसर, सोनीपत या जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के हेल्पलाइन नंबर 0130 -2220057 या नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।



