विकास का पिटारा खोलेगी गोहाना की धन्यवाद एवं विकास रैली : डॉ अरविंद शर्मा
गोहाना इलाके में दर्जन भर स्थानों पर पहुंचकर कैबिनेट मंत्री ने दिया न्यौता


: कैबिनेट मंत्री ने यूपीएससी में कामयाब मानसी डागर को दिया आशीर्वाद
: बिचपडी में यज्ञ एवं भण्डारे में पहुंचकर विभिन्न विकास परियोजनाओं का किया उद्घाटन
गोहाना, 22 मार्च। सहकारिता, कारागार, निर्वाचन, विरासत व पर्यटन मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा है कि गोहाना की धन्यवाद और विकास रैली में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गांव, शहर, समुदाय, हर वर्ग की भलाई के लिए विकास परियोजनाओं का पिटारा खोलेंगे। उन्होंने कहा कि रैली गोहाना में विकास की गाड़ी को तिगुना रफ्तार देते हुए गोहाना की सूरत बदलने का काम करेगी।
रविवार को सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने गोहाना शहर में दर्जनभर स्थानों पर अलग, अलग समाज द्वारा आयोजित सभाओं को संबोधित करते हुए 29 मार्च को नई सब्जी मंडी, गोहाना में होने वाली विधानसभा धन्यवाद एवं विकास रैली का न्यौता दिया। बलराज नगर में डीएससी समाज द्वारा आयोजित सभा को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने कहा कि जिस प्रकार गोहाना की जनता ने पहली बार भाजपा का कमल खिलाने की जिम्मेदारी निभाई है, उसी प्रकार मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी इलाके में मूलभूत सुविधाओं को बढाने और विकास को तिगुनी रफ्तार देने के लिए पिटारा खोलकर सौगात देंगे। सभाओं में उमड़ रही भीड़ द्वारा भी कैबिनेट मंत्री डॉ अरविंद शर्मा को भरोसा दिया गया कि गोहाना विधानसभा की धन्यवाद एवं विकास रैली में पूरे जोश, उत्साह के साथ पहुंचेंगे।
मानसी की कामयाबी से इलाके की बेटियों का बढ़ेगा सम्मान : डॉ अरविंद शर्मा

गोहाना विधानसभा क्षेत्र के गांव बागड़ू में सहकारिता मंत्री डॉ अरविंद शर्मा ने यूपीएससी परीक्षा में 137वीं रैंक हासिल करने वाली बेटी मानसी डागर के सम्मान समारोह में शिरकत कर उसका अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि मानसी की यह उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है और इससे अन्य बेटियों को भी प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं में भाग लेकर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की प्रेरणा मिलेगी। उन्होंने मानसी के परिजनों व ग्रामीणों को भी इस सफलता पर बधाई दी।
बिचपड़ी में यज्ञ-भंडारे में पहुंचे, विकास कार्यों का किया शुभारंभ
इसके बाद सहकारिता मंत्री गांव बिचपड़ी पहुंचे, जहां दुर्गा माता मंदिर परिसर में आयोजित यज्ञ एवं भंडारे में भाग लिया। उन्होंने संत-महात्माओं का आशीर्वाद प्राप्त किया और श्रद्धालुओं के साथ धार्मिक अनुष्ठान में शामिल हुए। इस दौरान क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों का भी शुभारंभ किया गया। महंत बलबीर दास सहित पूरे गांव को इस आयोजन के लिए शुभकामनाएं दी गईं। उन्होंने पंचायत समिति, मुंडलाना की चेयरपर्सन सुशीला शर्मा के नेतृत्व में ग्रामीणों से संवाद किया और विकास कार्यों पर चर्चा की।



